छत्तीसगढ़

बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत ग्राम पंचायतों में जागरूकता, विवाह पंजी संधारण और बाल विवाह मुक्त पंचायत का प्रस्ताव पारित करने पर होगी चर्चा

*बाल विवाह रोकथाम के लिए 27 नवंबर को कबीरधाम जिले में होगी विशेष ग्राम सभा*

*बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत ग्राम पंचायतों में जागरूकता, विवाह पंजी संधारण और बाल विवाह मुक्त पंचायत का प्रस्ताव पारित करने पर होगी चर्चा*

कवर्धा, नवंबर 2026। बाल विवाह की रोकथाम और समाज में इसके प्रति जागरूकता लाने के उद्देश्य से 27 नवंबर 2026 को कबीरधाम जिले की ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति के निर्देश पर आयोजित इस ग्राम सभा में बाल विवाह मुक्त भारत एवं बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान के तहत विभिन्न विषयों पर चर्चा कर जनसमुदाय को जागरूक किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री द्वारा 27 नवंबर 2024 को बाल विवाह मुक्त भारत अभियान प्रारंभ किया गया था। अभियान के अंतर्गत बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने तथा बच्चों के अधिकारों की रक्षा के लिए जनभागीदारी को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
विशेष ग्राम सभा में स्थानीय जनसमुदाय, जनप्रतिनिधि, शिक्षक, ग्राम पंचायत सचिव, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, स्वयं सहायता समूह के सदस्य एवं मितानिन प्रमुख रूप से शामिल होंगे। ग्राम सभा के माध्यम से लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों और इससे संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी जाएगी। राज्य शासन द्वारा ग्राम पंचायत सचिवों को बाल विवाह प्रतिषेध अधिकारी अधिसूचित किया गया है।

बाल विवाह कानूनन अपराध, दोषियों पर होगी कार्रवाई

ग्राम सभा में बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 के प्रावधानों की जानकारी दी जाएगी। लोगों को बताया जाएगा कि बाल विवाह केवल सामाजिक बुराई ही नहीं, बल्कि कानूनन अपराध भी है। बाल विवाह कराने, उसमें सहायता करने अथवा उसे बढ़ावा देने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। इसमें वर-वधु के माता-पिता, रिश्तेदार, विवाह में शामिल बाराती तथा विवाह संपन्न कराने वाले पुरोहित भी शामिल हो सकते हैं। अधिनियम के तहत बाल विवाह करने वाले 18 वर्ष से अधिक आयु के पुरुष को दो वर्ष तक के कठोर कारावास अथवा एक लाख रुपये तक के जुर्माने या दोनों से दंडित किया जा सकता है। इसी प्रकार बाल विवाह कराने, उसमें सहायता करने, उसे बढ़ावा देने या उसकी अनुमति देने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध भी दो वर्ष तक के कारावास और एक लाख रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है। ग्राम सभा में यह भी बताया जाएगा कि बाल विवाह के बाद यदि वर या वधु विवाह को स्वीकार नहीं करते हैं, तो वे बालिग होने के बाद निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत विवाह को निरस्त कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं।

बाल विवाह से बच्चों के स्वास्थ्य और शिक्षा पर पड़ता है असर

बाल विवाह बच्चों के अधिकारों का उल्लंघन है। कम उम्र में विवाह होने से बच्चों की शिक्षा प्रभावित होती है और उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास पर प्रतिकूल असर पड़ता है। बाल विवाह के कारण किशोरियों में स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं, कुपोषण, मातृ मृत्यु दर एवं शिशु मृत्यु दर का जोखिम बढ़ सकता है। इसके साथ ही घरेलू हिंसा और शोषण की आशंका भी बढ़ जाती है। विशेष ग्राम सभा में लोगों को समझाइश दी जाएगी कि प्रत्येक बच्चे को शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और बेहतर भविष्य का अधिकार है। बच्चों को कम उम्र में विवाह के बंधन में बांधने के बजाय उन्हें पढ़ाई और अपने भविष्य को संवारने के अवसर दिए जाने चाहिए।

ग्राम पंचायतों में विवाह पंजी संधारण और उम्र का सत्यापन

बाल विवाह की रोकथाम के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर विवाह पंजी संधारित करने पर विशेष जोर दिया जाएगा। ग्राम पंचायत क्षेत्र में होने वाले विवाहों का विवाह पूर्व पंजीयन करने तथा प्रत्येक विवाह में वर-वधु की उम्र का सत्यापन करने के संबंध में जानकारी दी जाएगी। इससे विवाहों का रिकॉर्ड उपलब्ध रहेगा और बाल विवाह की आशंका होने पर समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सकेगी। इसके अलावा ग्राम पंचायतों के गांवों में कोटवार के माध्यम से मुनादी कराई जाएगी। मुनादी के जरिए ग्रामीणों को बाल विवाह नहीं करने तथा इसके कानूनन अपराध होने की जानकारी दी जाएगी।

बाल विवाह मुक्त ग्राम पंचायत बनाने के लिए पारित होगा प्रस्ताव

विशेष ग्राम सभा में ऐसे ग्राम पंचायतों में बाल विवाह मुक्त ग्राम पंचायत का प्रस्ताव पारित करने पर भी चर्चा की जाएगी, जहां विगत दो वित्तीय वर्ष 2023-24 एवं 2024-25 में बाल विवाह संबंधी कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। इसके माध्यम से ग्राम पंचायतों को बाल विवाह की रोकथाम के लिए सक्रिय भूमिका निभाने और अपने गांव को बाल विवाह मुक्त बनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

कुपोषण रोकथाम और पोषण संबंधी जानकारी भी दी जाएगी

बाल विवाह के दुष्परिणामों में कुपोषण भी एक महत्वपूर्ण समस्या है। ग्राम सभा में कुपोषण की रोकथाम के लिए सही पोषण और व्यवहार परिवर्तन के संबंध में जानकारी दी जाएगी। आंगनबाड़ी केंद्रों से मिलने वाले रेडी टू ईट खाद्यान्न का उपयोग, छह वर्ष तक के बच्चों को नियमित आंगनबाड़ी भेजने, स्तनपान, ऊपरी आहार, संतुलित भोजन और साफ-सफाई के महत्व पर चर्चा की जाएगी। कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने संबंधित अधिकारियों एवं ग्राम पंचायतों को निर्देशित किया है कि 27 नवंबर 2026 को विशेष ग्राम सभा का आयोजन कर निर्धारित बिंदुओं पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button