*हितग्राहियों के आवेदन में न हो त्रुटि, लंबित प्रकरणों का जांच कर करें निराकरण–कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति*
*कलेक्टर ने बैंकर्स एवं विभागीय अधिकारियों की ली समीक्षा बैठक, योजनाओं की प्रगति की समीक्षा*
कवर्धा, सितंबर 2026।कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति की अध्यक्षता में आज जिला कार्यालय के सभाकक्ष में जिला परामर्शदात्री समिति एवं जिला स्तरीय समीक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने विभिन्न विभागों एवं बैंकों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक अग्रवाल सहित अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि हितग्राहियों एवं आवेदकों के प्रकरणों को सही तरीके से तैयार किया जाए, ताकि तकनीकी या दस्तावेजी कमी के कारण उनके आवेदन डिक्लाइन न हों। उन्होंने लंबित आवेदनों की जांच कर उनका त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना विभागों और बैंकर्स की प्राथमिकता होनी चाहिए।
कलेक्टर ने वनांचल क्षेत्रों सहित ग्रामीण क्षेत्रों के हितग्राहियों पर विशेष फोकस करते हुए उन्हें शासन की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पात्र हितग्राहियों की पहचान कर उन्हें योजनाओं से जोड़ने तथा बैंकिंग संबंधी प्रकरणों में आवश्यक सहयोग प्रदान करने के लिए संबंधित अधिकारियों एवं बैंकर्स को निर्देशित किया। बैठक में कलेक्टर ने स्किल डेवलपमेंट कमेटी गठित करने के लिए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक अग्रवाल को निर्देशित किया। उन्होंने युवाओं को कौशल प्रशिक्षण एवं रोजगार के अवसरों से जोड़ने के लिए विभागों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया।
कलेक्टर ने योजनाओं के लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने तथा पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि जिले में छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन-बिहान के अंतर्गत गठित स्व-सहायता समूहों से जुड़ी 70 हजार से अधिक दीदियों को लखपति बनाने का लक्ष्य रखा गया है। कलेक्टर ने चिन्हांकित लखपति दीदियों को प्राथमिकता के आधार पर विभिन्न योजनाओं एवं बैंकिंग सुविधाओं का लाभ दिलाने के निर्देश सभी बैंकर्स एवं संबंधित विभागों को दिए। बैठक के दौरान जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, खादी तथा ग्रामोद्योग, जिला अंत्यावसायी, मत्स्य विभाग, पीएम सूर्यघर योजना तथा जिला पंचायत में संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई।
कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने कहा कि जिले के समूहों से जुड़ी दीदियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाते हुए निर्धारित लक्ष्य के अनुसार अधिक से अधिक दीदियों को ‘लखपति दीदी’ की श्रेणी में लाया जाए। लखपति दीदी योजना की प्रगति की समीक्षा प्रतिमाह स्वयं कलेक्टर द्वारा की जाएगी।





