*पीएम राहत योजना के क्रियान्वयन के लिए निजी अस्पतालों के नोडल अधिकारियों की प्रशिक्षण एवं समीक्षा बैठक का हुआ आयोजन*
कवर्धा, सितंबर 2026। प्रधानमंत्री राहत योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में 3 सितंबर 2026 को कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति के मार्गदर्शन में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डी.के. तुरे की अध्यक्षता में जिले के समस्त निजी अस्पतालों के नोडल अधिकारियों की प्रशिक्षण एवं समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पीएम राहत योजना के सुचारू एवं प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। सभी निजी अस्पतालों में पीएम राहत योजना के लिए हेल्प डेस्क काउंटर स्थापित करने तथा योजना के अंतर्गत अस्पताल में आने वाले दुर्घटना में घायल मरीजों को प्राथमिकता के साथ पीएम राहत योजना में ब्लॉक किए जाने के निर्देश दिए गए, ताकि पात्र मरीजों को योजना का लाभ समय पर मिल सके।
बैठक के दौरान पीएम राहत योजना के क्रियान्वयन से संबंधित आवश्यक प्रशिक्षण जिला कार्यक्रम समन्वयक, आयुष्मान भारत योजना एवं जिला सड़क सुरक्षा प्रबंधक द्वारा प्रदान किया गया। प्रशिक्षण में योजना के प्रावधानों, मरीजों के पंजीयन एवं योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। बैठक में निजी अस्पतालों के नोडल अधिकारियों को योजना के तहत निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए दुर्घटना में घायल मरीजों को त्वरित एवं बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।





