*खरीफ विपणन वर्ष 2026-27: जिले के सभी 145 धान उपार्जन केंद्रों में 22 अक्टूबर को होगा गैपिंग आदेश का वाचन*
कवर्धा,अक्टूबर 2026। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत कबीरधाम जिले के सभी 145 पुराने एवं नवीन सहकारी समितियों तथा धान उपार्जन केंद्रों में ग्रामों के संलग्नीकरण से संबंधित गैपिंग आदेश का वाचन 22 अक्टूबर 2026, गुरुवार को किया जाएगा। इसके लिए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित तिथि पर उपस्थित होकर वाचन की प्रक्रिया संपन्न कराने के निर्देश दिए गए हैं।
गैपिंग आदेश के वाचन के दौरान यह सुनिश्चित किया जाएगा कि संबंधित समितियों एवं उपार्जन केंद्रों में ग्रामों का संलग्नीकरण किसानों की सुविधा के अनुरूप एवं सर्वमान्य हो। वाचन के दौरान आवश्यकतानुसार संशोधन के प्रस्ताव भी प्रस्तुत किए जा सकेंगे, ताकि किसानों को धान विक्रय में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। आदेश के वाचन एवं आवश्यक संशोधन की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद किसी भी प्रकार का संशोधन मान्य नहीं किया जाएगा।
वाचन कार्य संबंधित समिति से संलग्न ग्रामों के सभी ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों की उपस्थिति में संपन्न होगा। संबंधित अधिकारी नोडल अधिकारी के रूप में तथा ग्राम पंचायतों के सभी सचिव सहायक नोडल अधिकारी के रूप में दायित्वों का निर्वहन करेंगे। गैपिंग आदेश की सूची का वाचन संबंधित ग्रामों के सरपंच, पंचगण, स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं किसानों की उपस्थिति में किया जाएगा, जिससे ग्रामों के संलग्नीकरण की प्रक्रिया पारदर्शी एवं सर्वमान्य तरीके से संपन्न हो सके। इस कार्य के लिए जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित, राजनांदगांव, परिक्षेत्र कवर्धा को नोडल विभाग नामित किया गया है। संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी निर्धारित तिथि को अपने-अपने क्षेत्र की सहकारी समितियों में उपस्थित होकर वाचन कार्य संपादित कराना सुनिश्चित करेंगे।





