*दिव्यांगजन राज्य स्तरीय पुरस्कार 2026 के लिए 25 अक्टूबर तक आमंत्रित किए गए प्रस्ताव*
*उत्कृष्ट दिव्यांग कर्मचारी, स्वैच्छिक संस्थाएं, सर्वश्रेष्ठ जिला एवं नियोक्ता होंगे सम्मानित*
कवर्धा, अक्टूबर 2026। दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण, उनके अधिकारों के संरक्षण तथा दिव्यांगता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से दिव्यांगजन राज्य स्तरीय पुरस्कार 2026 के लिए विभिन्न संवर्गों से उत्कृष्ट प्रविष्टियां आमंत्रित की गई हैं। इस पुरस्कार के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले दिव्यांग कर्मचारियों, दिव्यांगता के क्षेत्र में कार्यरत स्वैच्छिक संस्थाओं, सर्वोत्तम जिले तथा उत्कृष्ट नियोक्ताओं को पुरस्कृत किया जाएगा। इसके लिए संबंधित विभागों से पात्र दिव्यांग कर्मचारियों एवं संस्थाओं के प्रस्ताव आमंत्रित किए गए हैं। समाज कल्याण विभाग द्वारा अपील की गई है कि यदि किसी विभाग के अंतर्गत पुरस्कार के लिए पात्र दिव्यांग कर्मचारी अथवा दिव्यांगता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली स्वैच्छिक संस्था उपलब्ध हो, तो उनकी प्रविष्टियां निर्धारित पात्रता के अनुरूप तैयार कर 25 अक्टूबर 2026 तक अनिवार्य रूप से समाज कल्याण विभाग, कबीरधाम को उपलब्ध कराएं।





