जिला स्तरीय राज्योत्सव का हुआ भव्य शुभारंभ*
*सांस्कृतिक कार्यक्रमों और विभागीय प्रदर्शनियों ने आकर्षित किया नगरवासियों का ध्यान*
नवंबर 2026//छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 26 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में नारायणपुर जिले में राज्योत्सव 2026 का भव्य एवं गरिमामय शुभारंभ हुआ। बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कलाकारों, विद्यार्थियों एवं बड़ी संख्या में नगरवासियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। पूरा आयोजन छत्तीसगढ़ की गौरवशाली विकास यात्रा, समृद्ध लोकसंस्कृति और उपलब्धियों के उत्सव के रूप में नजर आया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अंतागढ़ विधायक एवं मुख्य अतिथि श्री विक्रम उसेंडी ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इस वर्ष राज्योत्सव का आयोजन ‘सशक्त नारी और युवा उड़ान’ थीम पर किया जा रहा है। यह उत्सव छत्तीसगढ़ के 26 वर्षों की विकास यात्रा, उपलब्धियों और आत्मनिर्भरता के संकल्प को प्रदर्शित करता है। राज्योत्सव हमारी सांस्कृतिक पहचान, परंपराओं और जनसहभागिता की शक्ति को याद करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की प्रगति में महिलाओं, युवाओं और समाज के प्रत्येक वर्ग की महत्वपूर्ण भूमिका है।
राज्योत्सव स्थल पर विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा आकर्षक प्रदर्शनी स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों, उपलब्धियों और नवाचारों की जानकारी आम नागरिकों को दी गई। अतिथियों ने विभिन्न विभागों की प्रदर्शनियों का अवलोकन किया तथा विभागीय अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन एवं आम नागरिकों को मिल रहे लाभों की जानकारी प्राप्त की। प्रदर्शनी में जिले में संचालित विकास गतिविधियों और जनहितकारी योजनाओं को विशेष रूप से प्रदर्शित किया गया।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण सांस्कृतिक संध्या रही, जिसमें स्थानीय कलाकारों और स्कूली विद्यार्थियों ने रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। बच्चों ने पारंपरिक लोकनृत्य, लोकगीत और आधुनिक सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से दर्शकों का मन मोह लिया। छत्तीसगढ़ की लोककला, परंपरा और जनजातीय संस्कृति की मनमोहक झलकियों ने आयोजन को विशेष पहचान दी। प्रस्तुतियों के दौरान दर्शकों ने तालियों के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कलाकारों एवं प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। इससे स्थानीय प्रतिभाओं का उत्साह बढ़ा और उन्हें अपनी कला एवं संस्कृति को आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहन मिला।
राज्योत्सव के आयोजन से पूरे नगर में उत्सव जैसा माहौल रहा। बड़ी संख्या में नागरिकों ने प्रदर्शनी स्टॉलों का अवलोकन किया और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया। आयोजन ने जिले की सांस्कृतिक विविधता, लोकपरंपराओं और विकास के प्रति सामूहिक सहभागिता को एक मंच पर प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर पद्मश्री श्री हेमचंद मांझी, छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज सहकारी संघ के अध्यक्ष श्री रूपसाय सलाम, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नारायण मरकाम, नगर पालिका अध्यक्ष श्री इन्द्रप्रसाद बघेल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री प्रताप सिंह मंडावी, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पिंकी उसेंडी, कलेक्टर श्रीमती नम्रता जैन, पुलिस अधीक्षक श्री संदीप कुमार पटेल सहित जिला एवं जनपद पंचायत के सदस्य, नगर पालिका के पार्षदगण, अधिकारी-कर्मचारी, पत्रकारगण एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।





