छत्तीसगढ़

बेहतर परीक्षा परिणाम के लिए लिखित अभ्यास, उपचारात्मक शिक्षण और ब्लूप्रिंट आधारित तैयारी पर जोर*

*जिले के प्राचार्यों एवं संकुल शैक्षिक समन्वयकों की बैठक में शिक्षा गुणवत्ता उन्नयन की समीक्षा*

*बेहतर परीक्षा परिणाम के लिए लिखित अभ्यास, उपचारात्मक शिक्षण और ब्लूप्रिंट आधारित तैयारी पर जोर*

कवर्धा, नवंबर 2026। कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति के निर्देश पर शनिवार को स्वामी आत्मानंद इंग्लिश स्कूल, रानी दुर्गावती चैक कवर्धा के सभागार में जिले के 300 प्राचार्यों एवं संकुल शैक्षिक समन्वयकों की बैठक आयोजित की गई। जिला शिक्षा अधिकारी श्री एफ.आर. वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में स्कूल शिक्षा विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते हुए शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार, परीक्षा परिणाम बेहतर बनाने और विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए। बैठक में सहायक संचालक श्री यू.आर. चन्द्राकर, श्री एम.के. गुप्ता, एम.आई.एस. प्रशासक श्री सतीश यदु, विकासखंड शिक्षा अधिकारी, खंड स्त्रोत समन्वयक तथा जिले के प्राचार्य एवं संकुल शैक्षिक समन्वयक उपस्थित रहे।
जिला शिक्षा अधिकारी श्री एफ.आर. वर्मा ने राज्य कार्यालय द्वारा जारी निर्धारित 20 बिंदुओं वाले निरीक्षण प्रपत्र के आधार पर अशासकीय विद्यालयों का प्रत्येक माह निरीक्षण किए जाने के संबंध में चर्चा की। उन्होंने नोडल प्राचार्यों सहित जिला एवं विकासखंड के अधिकारियों को निर्देशित किया कि निरीक्षण संबंधी आदेश का गंभीरता से पालन करते हुए नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करें। बैठक में वीएसके एप पर अनिवार्य उपस्थिति की समीक्षा भी की गई।

परीक्षा परिणाम में सुधार के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश

बैठक में प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, हाई एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षण और बेहतर परीक्षा परिणाम के लिए विस्तृत चर्चा की गई। कक्षा पांचवीं, आठवीं, दसवीं एवं बारहवीं के परीक्षा परिणाम में गुणात्मक सुधार लाने के लिए राज्य कार्यालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्ययोजना तैयार कर प्रभावी क्रियान्वयन करने पर जोर दिया गया। विद्यार्थियों की शैक्षिक दक्षता बढ़ाने के लिए नियमित लिखित अभ्यास, पियर ग्रुप लर्निंग, उपचारात्मक शिक्षण तथा ब्लूप्रिंट आधारित प्रश्न बैंक से अभ्यास कराने के निर्देश दिए गए। जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा कि विद्यालय स्तर पर नियमित समीक्षा और विद्यार्थियों की कमजोरियों को पहचानकर उनके अनुरूप शिक्षण व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

कमजोर विद्यार्थियों के लिए अतिरिक्त कक्षाएं, प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को विशेष मार्गदर्शन

जिला शिक्षा अधिकारी श्री वर्मा ने संस्था स्तर पर बैठक आयोजित कर शैक्षिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों के लिए मेंटर की भूमिका निर्धारित करने और उनके लिए अतिरिक्त शैक्षिक सहयोग उपलब्ध कराने की बात कही। ऐसे विद्यार्थियों के लिए मार्गदर्शी कक्षाओं का संचालन कर उपचारात्मक शिक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को राज्य की मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करने के लिए विद्यालय स्तर पर नियमित विशेष मार्गदर्शन सत्र आयोजित करने पर जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी को विषयवार ब्लूप्रिंट, प्रश्नपत्र में अंक विभाजन, प्रश्नों के स्वरूप तथा पूर्णांक के अनुसार उत्तर लेखन की जानकारी दी जाए। विषय विशेषज्ञ व्याख्याताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को सारगर्भित एवं गुणवत्तापूर्ण उत्तर लेखन, निर्धारित शब्द सीमा और परीक्षा की तैयारी के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया जाए। विद्यालयों में उपलब्ध पुस्तकालय, प्रयोगशाला, स्मार्ट क्लास एवं शिक्षण सहायक सामग्रियों का नियमित और समुचित उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध हो सके और जिले का समेकित परीक्षा परिणाम बेहतर हो।

अपार आईडी निर्माण एवं अर्धवार्षिक परीक्षा की समीक्षा

सहायक संचालक श्री यू.आर. चन्द्राकर ने अपार आईडी निर्माण की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने अपार आईडी निर्माण में आ रही तकनीकी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान करने के संबंध में भी चर्चा की। सहायक संचालक श्री एम.के. गुप्ता ने दिसंबर माह में आयोजित होने वाली स्थानीय अर्धवार्षिक परीक्षा के आयोजन एवं मूल्यांकन की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने परीक्षा के सुचारू संचालन और समय पर मूल्यांकन सुनिश्चित करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

आरटीई प्रवेश प्रक्रिया के कार्य समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश

बैठक में निःशुल्क एवं अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 के अंतर्गत शैक्षणिक सत्र 2027-28 में अशासकीय विद्यालयों में प्रवेश की प्रक्रिया की समीक्षा की गई। शासन के निर्देशानुसार ऑनलाइन आरटीई पोर्टल के माध्यम से स्कूल प्रोफाइल अपडेट, नवीन स्कूल पंजीयन एवं हैबिटेशन मैपिंग का कार्य 25 नवंबर 2026 तक अनिवार्य रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। एम.आई.एस. प्रशासक श्री सतीश कुमार यदु ने आरटीई पोर्टल पर किए जाने वाले कार्यों की प्रक्रिया के संबंध में नोडल प्राचार्यों को विस्तार से जानकारी दी तथा आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया। नोडल प्राचार्यों द्वारा स्कूल प्रोफाइल का सत्यापन किए जाने के पश्चात 28 नवंबर 2026 को सीट प्रकटीकरण का कार्य किए जाने संबंधी निर्देशों के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया गया। इसके साथ ही आरटीई के अंतर्गत अशासकीय विद्यालयों में प्रवेशित अलाभित समूह एवं वंचित वर्ग के बच्चों की ड्रॉप आउट दर कम करने के लिए नियमित निरीक्षण तथा ऑनलाइन ड्रॉप आउट सर्वे पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। बैठक में अधिकारियों ने सभी प्राचार्यों एवं संबंधित अधिकारियों को विभागीय योजनाओं का समय-सीमा में क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा विद्यार्थियों की शैक्षिक गुणवत्ता और परीक्षा परिणाम में सुधार के लिए समन्वित प्रयास करने के निर्देश दिए।

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button