*
*वनांचल ग्राम कनहरी में पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव ने ग्रामीणों के बीच पहुंचकर आयोजित की संध्याकालीन पुलिस जनचौपाल।*
*जमीन पर ग्रामीणों के बीच बैठकर सुनी समस्याएं, सुरक्षा एवं क्षेत्रीय विषयों पर किया सीधा संवाद।*
*तीन पंचायतों के सरपंच सहित सैकड़ों ग्रामीण हुए शामिल, पुलिस कप्तान को अपने बीच पाकर ग्रामीणों में दिखा उत्साह एवं सम्मान।*
कबीरधाम जिले के वनांचल क्षेत्र में पुलिस और आम नागरिकों के बीच सीधे संवाद, विश्वास एवं जनसहभागिता को मजबूत करने की दिशा में पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव (आई.पी.एस.) द्वारा विशेष पहल करते हुए थाना रेंगाखार क्षेत्र के ग्राम कनहरी में संध्याकालीन पुलिस जनचौपाल का आयोजन किया गया।
पुलिस अधीक्षक स्वयं ग्रामीणों के बीच पहुंचे और जमीन पर बैठकर ग्रामीणों से सहजता एवं आत्मीयता के साथ सीधे संवाद किया। संध्याकालीन समय में आयोजित इस जनचौपाल में सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणजन, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी श्री प्रशांत देवांगन, थाना प्रभारी रेंगाखार, निरीक्षण श्री अरविन्द साहू उपस्थित रहे। ग्राम कोयलाझोरी, बोदा-47 एवं घनीखुटा पंचायत के सरपंच सहित क्षेत्र के ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
*पुलिस कप्तान को अपने बीच पाकर ग्रामीणों में दिखा सम्मान और आत्मीयता*
पुलिस अधीक्षक को इस सहज भाव से अपने बीच उपस्थित पाकर ग्रामीणों में विशेष आदर, आत्मीयता एवं प्रसन्नता का भाव दिखाई दिया। पुलिस अधीक्षक द्वारा ग्रामीणों के बीच जमीन पर बैठकर उनकी बातें सुनने और उनसे सीधे संवाद करने से ग्रामीणों ने स्वयं को पुलिस के और अधिक करीब महसूस किया।
ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक के समक्ष क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विषयों एवं समस्याओं को सहजता से रखा। पुलिस अधीक्षक ने भी ग्रामीणों की बातों को गंभीरतापूर्वक सुना, जिसमें अधिकतर मामले शासन स्तर के थे, जिसे संबंधित विभाग को आवश्यक कार्यवाही हेतु अवगत कराने कहा गया और पुलिस से संबंधित समस्याओं एवं शिकायतों के नियमानुसार निराकरण के लिए आवश्यक पहल एवं हरसंभव प्रयास किए जाने का भरोसा दिलाया।
*ग्रामीणों से क्षेत्र की जमीनी स्थिति की ली जानकारी*
जनचौपाल के दौरान पुलिस अधीक्षक ने ग्रामीणों से क्षेत्र में होने वाली असामाजिक गतिविधियों, नशे से संबंधित गतिविधियों, अवैध गतिविधियों, संदिग्ध व्यक्तियों की आवाजाही तथा अन्य आपराधिक गतिविधियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की संदिग्ध अथवा असामाजिक गतिविधि की जानकारी होने पर इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा सके।
*संध्याकालीन जनचौपाल आयोजित करने का विशेष उद्देश्य*
पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव ने ग्रामीणों को बताया कि संध्याकालीन जनचौपाल का आयोजन विशेष रूप से इसलिए किया गया है, ताकि दिन के समय अपने आवश्यक कार्यों से गांव से बाहर जाने वाले ग्रामीण भी शाम तक वापस लौटकर इस संवाद में शामिल हो सकें।
उन्होंने कहा कि शाम के समय अधिकांश ग्रामीण अपने कार्यों से वापस गांव लौट आते हैं। ऐसे समय में जनचौपाल आयोजित करने से अधिक से अधिक ग्रामीणों से सीधे मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनने तथा क्षेत्र की वास्तविक परिस्थितियों, आवश्यकताओं एवं सुरक्षा संबंधी विषयों की जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिलता है।
*साइबर अपराध, नशा, महिला सुरक्षा एवं यातायात के प्रति किया जागरूक*
जनचौपाल में ग्रामीणों को साइबर अपराध से बचाव, ऑनलाइन ठगी से सतर्कता, महिला एवं बालिका सुरक्षा, नशे के दुष्परिणाम तथा यातायात नियमों के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई।
ग्रामीणों को समझाया गया कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर सूचना दें तथा पुलिस से संपर्क करें। साथ ही क्षेत्र में नशीले पदार्थों अथवा अन्य अवैध गतिविधियों की जानकारी होने पर पुलिस को सूचित करने की अपील की गई।
*पुलिस और जनता के बीच मजबूत विश्वास ही सुरक्षित समाज की आधारशिला*
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच सीधा संवाद जितना मजबूत होगा, क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था उतनी ही प्रभावी होगी। ग्रामीण अपने क्षेत्र की परिस्थितियों से सबसे अधिक परिचित होते हैं, इसलिए उनकी सहभागिता और समय पर मिलने वाली सूचना अपराध एवं असामाजिक गतिविधियों की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
कबीरधाम पुलिस द्वारा वनांचल एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस को आम नागरिकों के बीच पहुंचाने, उनकी समस्याओं को प्रत्यक्ष रूप से सुनने, क्षेत्र की वास्तविक स्थिति की जानकारी प्राप्त करने तथा जनसहयोग से सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस जन चौपाल/ संध्याकालीन पुलिस जनचौपाल जैसे जनसंवाद कार्यक्रमों को निरंतर बढ़ावा दिया जा रहा है।





