*“एक थाना–एक सप्ताह” अभियान का पाँचवाँ पड़ाव रेंगाखार जंगल।*
*वनांचल क्षेत्र में पहुंचकर पुलिस अधीक्षक ने थाना स्तर की पुलिसिंग एवं सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा।*
*थाना परिसर से संचालित किया गया पुलिस अधीक्षक कार्यालय, क्षेत्रवासी, जनप्रतिनिधिगण, आमजन, महिला/पुरुष एवं अधिकारी-कर्मचारियों से संवाद कर संबंधित को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश।*
कबीरधाम जिला की पुलिस व्यवस्था को अधिक जनसुलभ, संवेदनशील एवं उत्तरदायी बनाने तथा पुलिसिंग को जिला मुख्यालय तक सीमित रखने के बजाय थाना स्तर तक प्रभावी रूप से पहुंचाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव (IPS) द्वारा प्रारंभ की गई “एक थाना–एक सप्ताह” पहल निरंतर आगे बढ़ रही है।
इसी क्रम में दिनांक 01.09.2026 को थाना रेंगाखार जंगल इस पहल का पाँचवाँ पड़ाव बना, जहां पुलिस अधीक्षक द्वारा थाना परिसर में एक दिन के लिए “पुलिस अधीक्षक कार्यालय” संचालित किया गया। इससे पूर्व यह पहल थाना सहसपुर लोहारा से प्रारंभ होकर कुण्डा, पिपरिया एवं पंडरिया तक पहुंच चुकी है।
इस पहल का उद्देश्य पुलिस अधीक्षक कार्यालय को थाना स्तर तक पहुंचाकर स्थानीय पुलिसिंग की वास्तविक स्थिति को करीब से समझना, थाना स्तर की व्यवस्थाओं की समीक्षा करना तथा क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाना है।
*वनांचल क्षेत्र की पुलिसिंग को करीब से समझा गया*
पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव ने थाना रेंगाखार जंगल पहुंचकर क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस गश्त एवं अन्य महत्वपूर्ण पुलिसिंग विषयों की जानकारी ली।
वनांचल क्षेत्र की स्थानीय एवं भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए पुलिसिंग को प्रभावी बनाए रखने तथा क्षेत्र में पुलिस की सक्रिय उपस्थिति सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को क्षेत्र में सतत निगरानी एवं प्रभावी गश्त बनाए रखने, संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने तथा किसी भी परिस्थिति में नागरिकों को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
*थाना स्तर की व्यवस्थाओं और कार्यप्रणाली की समीक्षा*
पुलिस अधीक्षक द्वारा थाना रेंगाखार जंगल की कार्यप्रणाली एवं विभिन्न पुलिसिंग गतिविधियों की समीक्षा की गई। उन्होंने क्षेत्र में अपराध की स्थिति, लंबित मामलों, कानून-व्यवस्था एवं पुलिस द्वारा किए जा रहे निरंतर प्रयासों की जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने अधिकारी-कर्मचारियों को अपने-अपने दायित्वों का गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने तथा प्रत्येक प्रकरण में नियमानुसार समयबद्ध एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
*क्षेत्रवासी महिला/पुरुष एवं जनप्रतिनिधिगण पहुंचे थाना, पुलिस अधीक्षक से किया सीधा संवाद*
“एक थाना–एक सप्ताह” पहल के तहत थाना परिसर में क्षेत्र के जनप्रतिनिधिगण, सम्माननीय नागरिकगण एवं क्षेत्रवासी पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव से मुलाकात करने पहुंचे। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्रवासियों से सीधे संवाद कर स्थानीय स्तर की आवश्यकताओं, समस्याओं एवं क्षेत्र में संचालित विभिन्न गतिविधियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
क्षेत्रवासियों एवं जनप्रतिनिधिगण के साथ क्षेत्र की गतिविधियों, कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई चर्चा के दौरान महिलाओं के द्वारा क्षेत्र में खुले/ सार्वजनिक स्थान में शराब पीने वाले लोगों पर कार्यवाही बढ़ाने तथा नशा मुक्ति अभियान चलाने आग्रह किया गया। पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्रवासियों से प्राप्त सुझावों एवं स्थानीय जानकारी को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यकतानुसार उचित एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस संवाद के माध्यम से पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय एवं विश्वास को और मजबूत करने तथा स्थानीय स्तर पर पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
*पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों से सीधे संवाद*
“एक थाना–एक सप्ताह” पहल के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना रेंगाखार जंगल में पदस्थ अधिकारी-कर्मचारियों से भी सीधे संवाद किया। उन्होंने उनके कार्य संबंधी आवश्यकताओं, स्थानीय स्तर पर आने वाली चुनौतियों तथा विभागीय विषयों की जानकारी ली।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि प्रभावी पुलिसिंग के लिए पुलिस बल का मनोबल, बेहतर कार्य प्रणाली और स्पष्ट जिम्मेदारी महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने अधिकारी-कर्मचारियों को अनुशासन, संवेदनशीलता एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने तथा क्षेत्र के नागरिकों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।
इस दौरान पुलिस अनुविभागीय अधिकारी श्री प्रशांत देवांगन, थाना प्रभारी रेंगाखार जंगल निरीक्षक श्री अरविंद साहू सहित थाना क्षेत्र के सम्माननीय जनप्रतिनिधिगण एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
*सहसपुर लोहारा से रेंगाखार जंगल तक जारी है पहल*
पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव द्वारा प्रारंभ की गई “एक थाना–एक सप्ताह” पहल के तहत अब तक पाँच थाना क्षेत्रों—सहसपुर लोहारा, कुण्डा, पिपरिया, पंडरिया एवं रेंगाखार जंगल में पुलिस अधीक्षक कार्यालय को थाना स्तर पर संचालित किया जा चुका है।
इस पहल के माध्यम से पुलिस अधीक्षक स्वयं अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पहुंचकर वहां की पुलिसिंग को करीब से समझ रहे हैं। इससे थाना स्तर की व्यवस्थाओं, स्थानीय चुनौतियों एवं पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों की कार्य संबंधी आवश्यकताओं की प्रत्यक्ष जानकारी प्राप्त हो रही है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि प्रभावी पुलिसिंग के लिए केवल कार्यालय से दिशा-निर्देश देना पर्याप्त नहीं, बल्कि क्षेत्र में पहुंचकर व्यवस्थाओं को स्वयं देखना और पुलिसकर्मियों एवं क्षेत्रवासियों के साथ संवाद करना भी आवश्यक है। इसी सोच के साथ “एक थाना–एक सप्ताह” पहल को आगे बढ़ाया जा रहा है।
कबीरधाम पुलिस कप्तान द्वारा जिले के अन्य थाना क्षेत्रों में भी इस पहल को निरंतर आगे बढ़ाते हुए स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी, संवेदनशील एवं उत्तरदायी बनाने की दिशा में प्रयास जारी रहेंगे।





