*
*गाँजा बिक्री के विरुद्ध थाना पंडरिया पुलिस एवं ए.एन.टी.एफ. टीम की संयुक्त कार्यवाही – घर में छिपाकर रखा 01 किलो 60 ग्राम गाँजा एवं बिक्री की नगदी रकम सहित महिला आरोपी गिरफ्तार, कुल 54,760/- रुपये की मसरुका पंडरिया पुलिस ने किया जप्त।*
कबीरधाम जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार एवं बिक्री पर अंकुश लगाने तथा इसमें संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही करने के लिए पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन में कबीरधाम पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाकर कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हेमसागर सिदार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार पटेल के मार्गदर्शन में अनुविभागीय अधिकारी पुलिस पंडरिया श्री भूपत सिंह के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी पंडरिया निरीक्षक श्री अजय सिन्हा के नेतृत्व में थाना पंडरिया पुलिस एवं एएनटीएफ टीम द्वारा मादक पदार्थ गांजा की अवैध बिक्री के विरुद्ध संयुक्त कार्यवाही करते हुए एक महिला आरोपी को गांजा एवं बिक्री की नगदी रकम सहित पकड़ा गया है।
थाना पंडरिया पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि नया बस स्टैंड पंडरिया के पास वार्ड क्रमांक 11 बैरागपारा निवासी बुधवारा उर्फ गुड्डी बाई अपने घर में अवैध रूप से मादक पदार्थ गांजा रखकर बिक्री कर रही है। सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत करा पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर संदेहिया बुधवारा उर्फ गुड्डी बाई से पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान उसके द्वारा अपने घर में गांजा रखना एवं बिक्री करना स्वीकार किया गया। इसके पश्चात आरोपीया द्वारा अपने निवास के कमरे में छिपाकर रखे गए मादक पदार्थ गांजा को निकालकर प्रस्तुत किया गया। पुलिस टीम द्वारा गवाहों के समक्ष विधिवत पहचान एवं इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौल कराने पर पारदर्शी पॉलीथिन सहित गांजा का कुल वजन 01 किलो 60 ग्राम पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 53,000/- रुपये है। इसके अतिरिक्त आरोपीया के कब्जे से गांजा बिक्री से प्राप्त नगदी रकम 1,760/- रुपये भी बरामद की गई।
इस प्रकार पुलिस टीम द्वारा आरोपीया बुधवारा उर्फ गुड्डी बाई पति राहुल निवासी वार्ड क्रमांक 11 बैरागपारा, पंडरिया, जिला कबीरधाम के कब्जे से कुल 01 किलो 60 ग्राम गाँजा एवं बिक्री की नगदी रकम सहित कुल 54,760/- रुपये की संपत्ति जप्त की गई। आरोपीया के विरुद्ध थाना पंडरिया में अपराध क्रमांक 226/2026, धारा 20(बी)(ii)(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्यवाही की गई है।
सराहनीय भूमिका – उक्त कार्यवाही में थाना पंडरिया पुलिस एवं एएनटीएफ टीम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सक्रियता, आपसी समन्वय एवं सतर्कता से मादक पदार्थ की अवैध बिक्री के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही की गई। संपूर्ण कार्यवाही में थाना पंडरिया पुलिस एवं एएनटीएफ टीम की सराहनीय भूमिका रही।





