छत्तीसगढ़

पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव ने सरदार पटेल मैदान स्थित पटाका दुकानों का किया निरीक्षण

 

*पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव ने सरदार पटेल मैदान स्थित पटाका दुकानों का किया निरीक्षण।*

*पटाका दुकानदारों एवं खरीदारी के लिए पहुंचने वाले महिला-पुरुषों और बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश।*

दीपावली पर्व के दौरान पटाखों के विक्रय एवं खरीदी के लिए बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ तथा आम नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पुलिस अधीक्षक कबीरधाम श्री जितेन्द्र कुमार यादव द्वारा कवर्धा शहर के पटेल मैदान में संचालित पटाखा दुकानों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हेमसागर सिदार, उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय श्री आशीष शुक्ला एवं थाना सिटी कोतवाली पुलिस टीम उपस्थित रही।

निरीक्षण का उद्देश्य पटाखा दुकानों का संचालन करने वाले व्यापारियों के साथ-साथ पटाखों की खरीदी के लिए पहुंचने वाले शहर एवं जिले के महिला-पुरुषों, बच्चों, बालिकाओं एवं समस्त नागरिकों के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करना रहा। पुलिस अधीक्षक ने दुकानों में अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता एवं उनकी कार्यशील स्थिति, विद्युत सुरक्षा, आग से बचाव के इंतजाम तथा अन्य आवश्यक सुरक्षा मानकों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने उपस्थित दुकानदारों एवं पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी देते हुए प्रत्येक बिंदु पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक ने पटाखा दुकानदारों को निर्देशित किया कि वे प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करते हुए ही दुकानों का संचालन करें। दुकानों में अग्निशमन उपकरण अनिवार्य रूप से उपलब्ध रखें, ज्वलनशील वस्तुओं एवं आग उत्पन्न करने वाले साधनों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक सावधानियां सुनिश्चित करें। साथ ही पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि पटाखा दुकानों एवं आसपास के क्षेत्रों में सतत निगरानी रखें, भीड़ एवं आवागमन को सुव्यवस्थित बनाए रखें तथा आम नागरिकों की सुरक्षा एवं सुविधा का विशेष ध्यान रखें।

कबीरधाम पुलिस द्वारा दीपावली पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की रोकथाम, आम नागरिकों की सुरक्षा एवं जिले में शांतिपूर्ण कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है। पटाखा दुकानों के सुरक्षित संचालन से लेकर खरीदारी के लिए आने वाले प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिकता है।

कबीरधाम पुलिस की जिलेवासियों एवं पटाखा दुकानदारों से अपील है कि दीपावली का पर्व पूरी सावधानी, जिम्मेदारी एवं सुरक्षित वातावरण में मनाएं। पटाखों का क्रय-विक्रय निर्धारित नियमों के अनुरूप करें तथा सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों की अनदेखी न करें। सभी नागरिकों के सहयोग एवं सतर्कता से दीपावली पर्व को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सहभागी बनें।

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button