Blog

ट्रेन ऑन डिमांड : दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में चली दो वर्षों में लगभग 1000 टीओडी गाड़ियां…जानिए क्या है टीओडी

रायपुर। भारतीय रेल यात्रियों की बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप अपनी सेवाओं को निरंतर अधिक लचीला और यात्री-केंद्रित बना रही है। इसी दिशा में “ट्रेन ऑन डिमांड” (टीओडी), अर्थात माँग आधारित गाड़ियाँ, एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में उभरी है। त्योहारों, छुट्टियों, मेलों और विशेष अवसरों पर जब किसी मार्ग पर यात्रियों की संख्या अचानक बढ़ जाती है, तब टीओडी के माध्यम से उसी मार्ग पर, उसी समय अतिरिक्त गाड़ियाँ चलाकर यात्रियों को राहत दी जाती है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे भी इस व्यवस्था के माध्यम से अपने क्षेत्र के यात्रियों को उनकी आवश्यकता के समय अतिरिक्त सुविधा उपलब्ध करा रही है।

ट्रेन ऑन डिमांड ऐसी गाड़ियाँ हैं जो नियमित समय-सारणी से अलग, यात्रियों की वास्तविक माँग के आधार पर चलाई जाती हैं। नियमित गाड़ियाँ पूरे वर्ष एक निश्चित समय-सारणी पर चलती हैं, जबकि टीओडी किसी विशेष मार्ग पर, किसी विशेष अवधि में बढ़ी हुई माँग को पूरा करने के लिए अधिसूचित की जाती हैं। जैसे ही किसी मार्ग पर माँग बढ़ने के संकेत मिलते हैं, रेलवे उस मार्ग के लिए अतिरिक्त गाड़ी की योजना बनाकर उसे अधिसूचित करती है और यात्री उसमें सामान्य गाड़ियों की तरह आरक्षण करा सकते हैं। माँग सामान्य होने पर ये गाड़ियाँ नहीं चलाई जातीं। टीओडी तभी चलाई जाती है जब पाथ, रेक, अनुरक्षण अवसंरचना तथा प्लेटफॉर्म की उपलब्धता की दृष्टि से इसका संचालन व्यवहार्य हो।

रेलवे बोर्ड ने यह अवधारणा क्यों प्रारंभ की?

देश के कई मार्गों पर वर्ष भर यात्रियों की संख्या एक जैसी नहीं रहती। दीपावली, छठ, होली, गर्मी की छुट्टियों या बड़े मेलों के समय कुछ मार्गों पर यात्रियों की संख्या कई गुना बढ़ जाती है, जबकि वर्ष के अन्य दिनों में वही मार्ग सामान्य रहते हैं। ऐसे समय में नियमित गाड़ियों में लंबी प्रतीक्षा सूची बन जाती है और बहुत से यात्रियों को कन्फ़र्म टिकट नहीं मिल पाता। केवल नियमित गाड़ियों की संख्या बढ़ाकर इस समस्या का स्थायी समाधान संभव नहीं है, क्योंकि कम माँग वाले दिनों में वे गाड़ियाँ खाली चलेंगी। इसी चुनौती को ध्यान में रखते हुए रेलवे बोर्ड ने ट्रेन ऑन डिमांड की अवधारणा प्रारंभ की, ताकि जहाँ और जब माँग हो, वहीं और तभी अतिरिक्त गाड़ियाँ उपलब्ध कराई जा सकें।

टीओडी के पीछे मूल सोच यह है कि रेल सेवाएँ यात्रियों की आवश्यकता के अनुसार चलें, न कि यात्री केवल उपलब्ध सेवाओं के अनुसार अपनी यात्रा तय करने को विवश हों। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक यात्रियों को कन्फ़र्म टिकट उपलब्ध कराना, प्रतीक्षा सूची को कम करना, त्योहारों में लोगों को अपने परिवार के पास पहुँचने में सहायता करना और साथ ही रेल संसाधनों का अधिकतम एवं विवेकपूर्ण उपयोग सुनिश्चित करना है। यह व्यवस्था रेलवे को एक स्थिर समय-सारणी से आगे बढ़ाकर माँग के प्रति सजग और संवेदनशील परिवहन व्यवस्था बनाती है।

ऑनलाइन बुकिंग से माँग का सटीक आकलन

आज लगभग 89 प्रतिशत आरक्षित टिकट ऑनलाइन बुक किए जाते हैं। इससे रेलवे के पास हर मार्ग, हर गाड़ी और हर तिथि के लिए यात्रियों की माँग के विश्वसनीय आँकड़े उपलब्ध रहते हैं। इन आँकड़ों के विश्लेषण से यह आसानी से पता चल जाता है कि किस मार्ग पर, किन तिथियों में और कितनी अधिक माँग है। इसी आधार पर टीओडी अधिसूचित की जाती है। चूँकि अधिकांश यात्री पहले से ही ऑनलाइन टिकट बुक कर रहे हैं, इसलिए टीओडी की अधिसूचना होते ही वे घर बैठे इन गाड़ियों में आरक्षण करा सकते हैं और इसका सीधा लाभ उठा सकते हैं।

अधिक संवेदनशील, अधिक डेटा आधारित, यात्रियों की आवश्यकता के अनुरूप

ट्रेन ऑन डिमांड रेल सेवाओं की योजना में एक कदम आगे है। यह व्यवस्था अधिक संवेदनशील है, अधिक डेटा आधारित है और यात्रियों की आवश्यकता के अधिक अनुरूप है। उदाहरण के लिए, त्योहार के समय उत्तर भारत की ओर यात्रियों की माँग बहुत अधिक होती है, जबकि वर्ष के अन्य समय में यह माँग सामान्य रहती है। ऐसी परिस्थितियों को टीओडी के माध्यम से आसानी से संभाला जा सकता है, क्योंकि पर्व के समय अतिरिक्त गाड़ियाँ चलाई जाती हैं और माँग घटने पर उन्हें नहीं चलाया जाता। इससे राजस्व की भी बचत होती है, क्योंकि कम माँग वाले मार्गों और अवधियों में अनावश्यक रूप से गाड़ियाँ नहीं चलानी पड़तीं। रेलवे प्रतीक्षा सूची के आँकड़ों और गाड़ियों के संबंध में यात्रियों की पूछताछ का निरंतर विश्लेषण करती रहती है। जब भी किसी मार्ग पर माँग दिखाई देती है और पाथ (गाड़ी चलाने के लिए समय-सारणी में स्थान), रेक, पिट लाइन, प्लेटफॉर्म की उपलब्धता तथा अन्य परिचालनिक पहलू अनुकूल होते हैं, तब टीओडी की योजना बनाई जाती है।

भारतीय रेल में माँग आधारित विशेष गाड़ियाँ

भारतीय रेल ने हाल के समय में यात्रियों की बढ़ी हुई माँग को पूरा करने के लिए बड़े पैमाने पर विशेष गाड़ियाँ चलाई हैं। अप्रैल 2025 से फरवरी 2026 के बीच त्योहारों और छुट्टियों के दौरान मौसमी भीड़ को संभालने के लिए देशभर में लगभग 74,800 विशेष गाड़ियों के फेरे चलाए गए। ग्रीष्मकाल में यात्रा की अधिक माँग को देखते हुए 15 अप्रैल से 15 जुलाई 2026 की अवधि के लिए कुल 908 विशेष गाड़ियाँ स्वीकृत की गईं, जिनके माध्यम से 18,262 फेरे चलाए गए। इसी प्रकार दीपावली और छठ 2026 के त्योहारी मौसम में यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए पूरे रेल नेटवर्क पर 18,000 से अधिक विशेष गाड़ी सेवाएँ निर्धारित की गईं। इन विशेष सेवाओं में माँग के आधार पर अधिसूचित टीओडी गाड़ियाँ महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में टीओडी

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने भी अपने क्षेत्र के यात्रियों की माँग को ध्यान में रखते हुए टीओडी गाड़ियों का प्रभावी संचालन किया है। वर्ष 2025-26 में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा 402 टीओडी गाड़ियाँ चलाई गईं। चालू वर्ष में 1 अप्रैल से 15 नवंबर 2026 तक दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने 221 टीओडी गाड़ियाँ चलाईं, वहीं अन्य क्षेत्रीय रेलों की 373 टीओडी गाड़ियाँ दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे क्षेत्र से होकर गुज़रीं। इस प्रकार पिछले दो वर्षों में लगभग 1,000 टीओडी गाड़ियों से क्षेत्र के यात्रियों को अतिरिक्त यात्रा विकल्प मिले हैं। इन गाड़ियों से विशेषकर त्योहारों और छुट्टियों के समय छत्तीसगढ़ और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र तथा दक्षिण भारत के विभिन्न गंतव्यों तक कन्फ़र्म बर्थ के साथ यात्रा करने में सुविधा मिली है।

ट्रेन ऑन डिमांड के लाभ

• कन्फ़र्म टिकट की अधिक संभावना : माँग वाले मार्गों पर अतिरिक्त सीटें और बर्थ उपलब्ध होने से प्रतीक्षा सूची के यात्रियों को राहत मिलती है।
• त्योहारों में घर वापसी आसान : छठ, दीपावली, होली जैसे पर्वों पर यात्री समय पर अपने परिवार के पास पहुँच पाते हैं।
• घर बैठे बुकिंग : टीओडी की अधिसूचना होते ही यात्री ऑनलाइन आरक्षण करा सकते हैं।
• नियमित गाड़ियों में सुगम यात्रा : अतिरिक्त गाड़ियाँ चलने से नियमित गाड़ियों पर भीड़ का दबाव कम होता है।
• संसाधनों का सही उपयोग : कम माँग वाले समय में गाड़ियाँ न चलाकर राजस्व और ऊर्जा की बचत होती है।
• डेटा आधारित त्वरित निर्णय : प्रतीक्षा सूची और पूछताछ के आँकड़ों के आधार पर समय पर सही निर्णय लिए जाते हैं।

 

The post ट्रेन ऑन डिमांड : दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में चली दो वर्षों में लगभग 1000 टीओडी गाड़ियां…जानिए क्या है टीओडी appeared first on ShreeKanchanpath.

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button