Blog

सरकारी नौकरी का झांसा देकर लाखों की धोखाधड़ी… एमपी के छतरपुर से पकड़ाया आरोपी

भिलाई। नगर निगम रायपुर एवं मंत्रालय में नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों की धोखाधड़ी करने वाला आरोपी सुपेला पुलिस की गिरफ्त में आ गया। कोर्ट के आदेश पर हुई एफआईआर के बाद पुलिस ने लंबे समय से फरार आरोपी को मध्यप्रदेश के छतरपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी  के खिलाफ धारा 318(4) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई।

इस मामले में प्रार्थी तापस मंडल द्वारा आरोपी अंकित कुमार रैकवार के विरुद्ध नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी किए जाने के संबंध में माननीय न्यायालय के समक्ष धारा 175(3) बीएनएसएस के तहत परिवाद प्रस्तुत किया गया था। प्रार्थी के अनुसार आरोपी द्वारा नगर निगम रायपुर में नौकरी दिलाने का झांसा देकर प्रारंभ में 50,000 रुपए प्राप्त किए गए थे। नौकरी नहीं लगने पर आरोपी द्वारा उक्त राशि वापस कर दी गई। इसके पश्चात मंत्रालय में कम्प्यूटर ऑपरेटर के पद पर नौकरी दिलाने का आश्वासन देकर दिनांक 21.05.2025 से 24.08.2025 के मध्य अलग-अलग तिथियों एवं विभिन्न बैंक खातों के माध्यम से कुल 5,90,000 रुपये लिए और नौकरी भी नहीं मिली।

इस मामले में न्यायालय के आदेश पर थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 1202/2026, धारा 318(4) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। विवेचना के दौरान प्रार्थी एवं अन्य गवाहों के कथन दर्ज किए गए तथा संबंधित बैंकों से रकम के लेनदेन की जानकारी प्राप्त की गई। अपराध पंजीबद्ध होने के पश्चात आरोपी को विवेचना में उपस्थित होने के लिए कई बार निर्देशित किया गया, किंतु आरोपी उपस्थित नहीं हुआ।

सुपेला पुलिस टीम द्वारा लगातार पतासाजी कर दिनांक 23.11.2026 को आरोपी अंकित कुमार रैकवार को छतरपुर, मध्यप्रदेश से हिरासत में लेकर थाना सुपेला लाया गया। पूछताछ में आरोपी द्वारा प्रार्थी से प्राप्त रकम विभिन्न बैंक खातों के माध्यम से लेना तथा खर्च करना स्वीकार किया गया। आरोपी द्वारा प्रार्थी को 10,000 रुपए वापस करना भी बताया गया। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

उक्त कार्यवाही में थाना सुपेला के थाना प्रभारी एस.एन. सिंह, उप निरीक्षक लेखन साहू एवं आरक्षक रमेश पाण्डेय की महत्वपूर्ण भूमिका रही। दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि शासकीय नौकरी दिलाने के नाम पर किसी भी व्यक्ति को रुपये देने से पहले पूरी जानकारी एवं सत्यापन अवश्य करें। सरकारी नौकरी की भर्ती निर्धारित नियमों एवं आधिकारिक प्रक्रिया के तहत ही होती है। नौकरी दिलाने का झांसा देकर धनराशि मांगने वाले व्यक्तियों से सतर्क रहें तथा इस प्रकार की धोखाधड़ी होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।

The post सरकारी नौकरी का झांसा देकर लाखों की धोखाधड़ी… एमपी के छतरपुर से पकड़ाया आरोपी appeared first on ShreeKanchanpath.

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button