समुद्र किनारे घूमना किसे पसंद नहीं होता. अगर बीच के साथ ऊंची चट्टानों से समुद्र का खूबसूरत नजारा देखने को मिल जाए तो ट्रिप का मजा और बढ़ जाता है. भारत में भी कई ऐसे बीच हैं, जहां समुद्र और चट्टानों का खूबसूरत मेल देखने को मिलता है. यहां ऊपर से समुद्र को देखने का अनुभव काफी अलग होता है. अगर आप भी अगली ट्रिप में किसी शांत और खूबसूरत जगह जाने का प्लान बना रहे हैं तो इन क्लिफसाइड बीच को अपनी ट्रेवल लिस्ट में शामिल कर सकते हैं.
यारदा बीच (Yarada Beach), विशाखापट्टनम
आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम के पास स्थित यारदा बीच अपनी खूबसूरती के लिए जाना जाता है. यहां तीन तरफ हरियाली और एक तरफ बंगाल की खाड़ी का विशाल दिखाई देता है. बीच के आसपास चट्टानी पहाड़ियां इसे और खूबसूरत बनाती हैं. शहर से थोड़ी दूरी पर होने के कारण यह स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों के लिए भी अच्छा घूमने का ऑप्शन है.
गोकर्ण बीच (कर्नाटक)
कर्नाटक का गोकर्ण अपनी प्राकृतिक खूबसूरती और शांत माहौल के लिए काफी पसंद किया जाता है. यहां एक तरफ पश्चिमी घाट की पहाड़ियां हैं तो दूसरी तरफ अरब सागर का खूबसूरत नजारा दिखाई देता है. यह जगह के मुकाबले ज्यादा शांत मानी जाती है. यहां मौजूद चट्टान पर चढ़कर समुद्र और गोकर्ण शहर का शानदार नजारा भी देखा जा सकता है.
अरंबोल बीच (गोवा)
गोवा के उत्तर में स्थित अरंबोल बीच बाकी लोकप्रिय बीचों से थोड़ा अलग है. यहां आपको ज्यादा शोर-शराबे के बजाय शांत और सुकून भरा माहौल देखने को मिलता है. इस बीच के पास मीठे पानी की एक झील भी है. यहां मौजूद चट्टान इस जगह की खूबसूरती को और बढ़ा देती है. अगर आप चट्टान के ऊपर तक जाते हैं तो वहां से समुद्र और आसपास के प्राकृतिक नजारे बेहद खूबसूरत दिखाई देते हैं.
वर्कला बीच (केरल)
केरल का वर्कला बीच ऊंची चट्टानों और अरब सागर के खूबसूरत मेल के लिए जाना जाता है. समुद्र के किनारे बनी चट्टान से यहां का नजारा काफी शानदार दिखाई देता है. यहां आप बीच पर घूमने और आराम करने के साथ चट्टान के ऊपर से आसपास के खूबसूरत दृश्य भी देख सकते हैं. शांत माहौल की वजह से यह जगह सुकून भरी छुट्टियों के लिए अच्छी मानी जाती है.
वागाटोर बीच (गोवा)
गोवा का वागाटोर बीच अपनी लाल रंग की ऊंची चट्टानों के लिए काफी मशहूर है. यहां सफेद रेत, नारियल के पेड़ और नीले अरब सागर का खूबसूरत नजारा देखने को मिलता है. चट्टान के ऊपर मौजूद कैफे में बैठकर समुद्र का नजारा देखने के साथ सूर्यास्त का मजा भी लिया जा सकता है. शाम के समय यहां का माहौल बेहद खूबसूरत नजर आता है.
क्लिफसाइड बीच क्यों हैं खास?
क्लिफसाइड बीच की सबसे खास बात यह है कि यहां आपको समुद्र का नजारा एक अलग ऊंचाई से देखने का मौका मिलता है. चट्टानों, समुद्र और हरियाली का मेल इन जगहों को बाकी बीचों से अलग बनाता है. अगर आपको समुद्र के साथ प्राकृतिक खूबसूरती और शांत माहौल पसंद है तो अगली ट्रिप में इन जगहों को अपनी ट्रैवल लिस्ट में शामिल कर सकते हैं





