देश दुनिया

अंबिकापुर से रायपुर इंटरसिटी की उम्मीदों पर फिरा पानी, रेलवे ने कहा- ‘ट्रेन खड़ी करने जगह नहीं’

अंबिकापुर : अंबिकापुर से नई ट्रेन चलाने की लंबे समय से की जा रही मांग पर रेलवे प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट की है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने कहा है कि रेलवे लाइन की अनुपलब्धता के कारण वर्तमान में अंबिकापुर से नई ट्रेन का परिचालन संभव नहीं है। अंबिकापुर से राजधानी रायपुर तक नई इंटरसिटी ट्रेन चलाने और शहडोल से नागपुर तक चलने वाली ट्रेन को अंबिकापुर से नागपुर तक विस्तार करने की मांग पर रेलवे ने परिचालनिक बाध्यता का हवाला दिया है।दरअसल, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति के सदस्य मुकेश तिवारी द्वारा रेलवे की बैठकों में समय-समय पर अंबिकापुर में रेल सुविधा विस्तार और नई ट्रेनों के परिचालन की मांग उठाई जाती रही है। इसी मांग पर रेलवे ने लिखित जवाब दिया है।रेलवे ने अपने जवाब में कहा है कि अंबिकापुर से नई इंटरसिटी ट्रेन चलाए जाने संबंधी नीतिगत निर्णय रेलवे बोर्ड के क्षेत्राधिकार में है।

लेकिन परिचालनिक बाध्यता के कारण इसे चलाना संभव नहीं है। वर्तमान में अंबिकापुर स्टेशन में रात में तीन गाड़ियों के रैक खड़े रहते हैं। इनमें गाड़ी संख्या 11265/66 जबलपुर-अंबिकापुर-जबलपुर, 22408 हजरत निजामुद्दीन-अंबिकापुर और 18755 शहडोल-अंबिकापुर शामिल हैं। इन ट्रेनों को सुबह अंबिकापुर से चलाने के लिए रात में रैक को स्टेशन पर रखना होता है, जिसके लिए अंबिकापुर स्टेशन में अतिरिक्त लाइन की अनुपलब्धता है। इसी कारण नई ट्रेन के लिए जगह नहीं है।

शहडोल-नागपुर ट्रेन का विस्तार फिलहाल संभव नहीं

शहडोल-नागपुर ट्रेन को अंबिकापुर तक बढ़ाने की मांग पर रेलवे ने बताया कि यह ट्रेन सेंट्रल रेलवे की गाड़ी है। इस गाड़ी का शहडोल आगमन रात 10 बजे होता है और सुबह पांच बजे प्रस्थान होता है। ऐसे में अंबिकापुर तक बढ़ाने के लिए पर्याप्त लेओवर समय उपलब्ध नहीं है। साथ ही अंबिकापुर स्टेशन में लाइन अनुपलब्धता की परिचालनिक बाध्यता भी इसमें बड़ी बाधा है।

दोहरीकरण का कार्य तेज

अंबिकापुर से सूरजपुर रोड तक रेल लाइन दोहरीकरण को लेकर रेलवे ने बताया कि सूरजपुर से बैकुंठपुर तक 40 किमी का कार्य तीव्र गति से चल रहा है और बोरीडांड से बैकुंठपुर के कार्य के लिए निविदा फाइनल कर दी गई है। सूरजपुर रोड से अंबिकापुर दोहरीकरण के लिए फाइनल लोकेशन सर्वे रेलवे बोर्ड द्वारा स्वीकृत हो गया है, जिसके लिए निविदा आमंत्रित की गई है। दोहरीकरण पूरा होने के बाद लाइन की समस्या काफी हद तक दूर हो जाएगी।

स्टेशन में सुविधाओं का विस्तार

रेलवे ने अंबिकापुर स्टेशन में सुविधा वृद्धि को लेकर भी जानकारी दी है। अंबिकापुर रेलवे स्टेशन पर कोच डिस्प्ले बोर्ड की स्थापना, पैदल ऊपरी पुल और लिफ्ट के प्रविधान तथा स्टेशन के उन्नयन संबंधी कार्यों को स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। जल्द ही इन कार्यों को शुरू किया जाएगा।

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button