देश दुनिया

वाह री आगरा पुलिस: दूसरे राज्य के नंबर की गाड़ी देखते ही शुरू होते हैं इशारे, फिर होता है नियमों का सौदा

यातायात माह चल रहा है। पुलिस जागरूकता के साथ चेकिंग अभियान चला रही है। इसकी मॉनिटरिंग न होने से पुलिसकर्मी मनमानी कर रहे हैं। हाईवे पर ही पुलिसकर्मी दूसरे राज्यों के नंबर की गाड़ियों को लपकने के लिए दौड़ लगाने लगते हैं। मध्य प्रदेश, राजस्थान और गुजरात के नंबर की बस और कारों को रोकने के बाद अपनी कैनोपी तक ले जाते हैं। कई को क्लीन चिट मिल जाती है तो कई के चालान काटकर खानापूर्ति कर ली जाती है। मंगलवार को अमर उजाला टीम ने पड़ताल की तो यह हकीकत सामने आई।

सीन – 1
समय- दोपहर 12 बजे
स्थान- गुरु का ताल

गुरुद्वारा गुरु का ताल पर दोपहर 12 बजे सिकंदरा की तरफ से एक थार गाड़ी आती है। वह मध्य प्रदेश के नंबर की थी। यह देखकर होमगार्ड दौड़ता है। उसे रोक लेता है। इससे पीछे वाले वाहन रुक जाते हैं। इसकी परवाह न करते हुए होमगार्ड बात करता है। बीच सड़क पर होती बातचीत के कारण वाहनों के पहिये थमे रहते हैं। साइड से लगवाने के बाद गाड़ी चालक को कैनोपी तक भेजता है। 5 मिनट बाद ही चालक वापस आकर गाड़ी ले जाता है।सीन – 2
12:15 बजे दो सिपाहियों ने गुजरात नंबर की कार को रोक लिया। एक सिपाही चालक की तरफ चला जाता है। दूसरा सिपाही मोबाइल हाथ में लेकर सामने खड़ा हो जाता है। चालक से साइड से कार लगाने के लिए कहा जाता है। कैनोपी में बैठे टीएसआई इशारा करते हैं। गाड़ी को साइड से लगवा लिया जाता है। पुलिसकर्मी चालक से बात करते हैं। कुछ देर बाद गाड़ी चली जाती है।सीन- 3
दोपहर 1 बजे सिकंदरा की तरफ से एक पर्यटक स्लीपर बस आती है। यातायात पुलिसकर्मी उसे रोक लेते हैं। हाईवे पर ही रोके रखकर चालक से सिपाही बात करता है। केबिन से चालक का साथी उतरता है। वह गुरुद्वारे की दीवार से कैनोपी में बैठे पुलिसकर्मियों के पास पहुंचता है। तब तक बस आगे बढ़ जाती है। चालक का साथी कैनोपी पर 2 मिनट बात करता है। इसके बाद 100 मीटर की दूरी पर पहुंच चुकी बस में जाकर बैठ जाता है।

हाईवे पर क्यों हो रही चेकिंग?हाईवे पर मेट्रो का काम चल रहा है। इसके लिए बैरिकेडिंग लगी हुई हैं। वाहनों का निकलना भी मुश्किल है। गुरुद्वारा कट पर रोजाना जाम के हालात रहते हैं। इसके बावजूद पुलिसकर्मी इसी कट पर वाहनों को रोककर दिन-भर खड़े रहते हैं। अगर चेकिंग भी की जा रही है तो हाईवे पर क्यों हो रही है जबकि बाहरी नंबर की गाड़ियों में आने वाले पर्यटक भी होते हैं। ऐसे में उन्हें भी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।डीसीपी ट्रैफिक ज्ञानेंद्र नाथ ने बताया कि हाईवे पर वाहनों को बेवजह नहीं रोका जाना चाहिए। अगर पुलिसकर्मी ऐसा कर रहे हैं तो जांच कराई जाएगी। जांच में पुष्टि होने पर कार्रवाई की जाएगी।

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button