छत्तीसगढ़

बाल विवाह मुक्त ग्राम पंचायत बनाने पर जोर, विवाह से पहले वर-वधू की आयु का सत्यापन और जनजागरूकता के दिए निर्देश*

*बाल विवाह रोकथाम के लिए समनापुर में विशेष ग्राम सभा आयोजित, ग्रामीणों को दिलाई गई शपथ*

*बाल विवाह मुक्त ग्राम पंचायत बनाने पर जोर, विवाह से पहले वर-वधू की आयु का सत्यापन और जनजागरूकता के दिए निर्देश*

*बाल विवाह की सूचना चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर दें*

कवर्धा, नवंबर 2026। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने और ग्रामीणों में जागरूकता लाने के उद्देश्य से 27 नवंबर को कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत समनापुर में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति के आदेशानुसार तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी के निर्देश पर जिला महिला एवं बाल विकास विभाग के नेतृत्व में आयोजित इस ग्राम सभा में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने बाल विवाह मुक्त समाज बनाने का संकल्प लिया। इस दौरान ग्राम पंचायत के सरपंच ने उपस्थित जनसमुदाय को बाल विवाह मुक्त अभियान की शपथ दिलाई।

विशेष ग्राम सभा में चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम ने बाल विवाह के कानूनी प्रावधानों और इसके दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए बताया कि बाल विवाह केवल सामाजिक बुराई नहीं, बल्कि कानूनन अपराध है। बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 के तहत बाल विवाह कराने, उसमें सहयोग करने या किसी भी रूप में शामिल होने वाले लोगों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है। निर्धारित प्रावधानों के अनुसार दोषी पाए जाने पर दो वर्ष तक के कठोर कारावास अथवा एक लाख रुपये तक के जुर्माने या दोनों से दंडित किया जा सकता है।

सभा में ग्राम पंचायत स्तर पर विवाह पंजी संधारित करने, विवाह से पहले वर-वधू की आयु का सत्यापन करने तथा बाल विवाह की रोकथाम के लिए कोटवार के माध्यम से गांव में मुनादी कराने पर जोर दिया गया। ग्रामीणों को बताया गया कि कम उम्र में विवाह होने से बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। बाल विवाह बच्चों के भविष्य और उनके सर्वांगीण विकास में बाधा बनता है तथा कुपोषण की समस्या को भी बढ़ाता है।

ग्राम सभा में बाल विवाह मुक्त भारत और बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान के उद्देश्यों पर भी चर्चा की गई। साथ ही पिछले दो वित्तीय वर्षों 2023-24 एवं 2024-25 में बाल विवाह की कोई शिकायत प्राप्त नहीं होने वाली ग्राम पंचायतों को बाल विवाह मुक्त ग्राम पंचायत घोषित करने के प्रस्ताव पर चर्चा कर प्रस्ताव पारित किया गया।

अभियान को गांव के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए ग्राम पंचायत में दीवार लेखन और कोटवार के माध्यम से मुनादी कराकर व्यापक जनजागरूकता लाने की बात कही गई। इसके साथ ही शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय समनापुर के विद्यार्थियों को भी बाल विवाह के दुष्परिणामों और कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई तथा उन्हें बाल विवाह मुक्त अभियान की शपथ दिलाई गई।

कार्यक्रम में जनसमुदाय, जनप्रतिनिधि, शिक्षक, पंचायत सचिव, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन और स्व-सहायता समूह की महिलाओं सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। विभाग ने आम नागरिकों से अपील की कि कहीं भी बाल विवाह की जानकारी मिलने पर तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर सूचना दें, ताकि समय रहते बाल विवाह को रोका जा सके।

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button