छत्तीसगढ़

जिला अस्पताल कवर्धा में निःशुल्क कैंसर जांच एवं परामर्श शिविर का हुवा आयोजन

*जिला अस्पताल कवर्धा में निःशुल्क कैंसर जांच एवं परामर्श शिविर का हुवा आयोजन*

*उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक श्री विजय शर्मा के निर्देश में प्रति माह किया जा रहा आयोजन*

*आज 32 मरीजों की हुई जांच, 04 में कैंसर के संभावित लक्षण मिले*

कवर्धा,  नवंबर 2026। उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक श्री विजय शर्मा के निर्देश पर जिला अस्पताल में प्रति माह निःशुल्क कैंसर जांच एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया जा रहा है। जिला अस्पताल कवर्धा में 27 नवंबर को बालको मेडिकल सेंटर, नया रायपुर के सहयोग से निःशुल्क कैंसर जांच एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बालको मेडिकल सेंटर के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा मरीजों की जांच एवं परामर्श प्रदान किया गया।

शिविर में कुल 32 मरीजों की जांच की गई, जिनमें 05 पुरुष एवं 27 महिलाएं शामिल रहीं। जांच के दौरान 04 मरीजों में कैंसर के संभावित लक्षण पाए गए, जिन्हें आगे की आवश्यक जांच एवं उपचार के लिए उचित चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। शिविर में जिले के विभिन्न विकासखंडों से मरीज पहुंचे। इनमें विकासखंड कवर्धा से 20, पंडरिया से 07, बोड़ला से 04 एवं सहसपुर लोहारा से 01 मरीज शामिल हुए।

शिविर का मुख्य उद्देश्य आमजन में कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाना, प्रारंभिक अवस्था में कैंसर की पहचान करना तथा संभावित मरीजों को समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराने की व्यवस्था से जोड़ना रहा। विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा कैंसर के संभावित लक्षणों, समय पर जांच कराने तथा शुरुआती अवस्था में उपचार के महत्व के संबंध में भी जानकारी दी गई।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई कि शरीर में किसी भी प्रकार की असामान्य गांठ, मुंह में लंबे समय तक रहने वाले छाले, लगातार खांसी, बिना कारण वजन कम होना, असामान्य रक्तस्राव या अन्य संदिग्ध लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही न करें और तत्काल चिकित्सकीय परामर्श लें। इस प्रकार के निःशुल्क जांच एवं परामर्श शिविरों के माध्यम से जिले में कैंसर की समय रहते पहचान एवं उपचार की दिशा में स्वास्थ्य विभाग द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे है।

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button