*ग्राम कुई में बनेगा 4.65 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक महाविद्यालय भवन*
*465.84 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति, निर्माण कार्य शुरू*
कवर्धा, नवंबर 2026। पंडरिया विकासखंड के ग्राम कुई में उच्च शिक्षा सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री श्री अरुण साव तथा पंडरिया विधायक श्रीमती भावना बोहरा के प्रयासों से ग्राम कुई में नवीन आधुनिक महाविद्यालय भवन के निर्माण के लिए 4 करोड़ 65 लाख 84 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। भवन निर्माण का कार्य प्रारंभ हो चुका है।
नवीन महाविद्यालय भवन के निर्माण से ग्रामीण अंचल के विद्यार्थियों को आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे क्षेत्र के युवाओं को उच्च शिक्षा के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा और उन्हें पढ़ाई के लिए दूरस्थ क्षेत्रों पर निर्भरता कम होगी। महाविद्यालय में आधुनिक सुविधाएं विकसित होने से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिलेंगे।
लोक निर्माण विभाग की कार्यपालन अभियंता श्रीमती पूर्णिमा चंद्रा ने बताया कि महाविद्यालय भवन का निर्माण निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। निर्माण कार्य प्रारंभ होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों और नागरिकों में उत्साह है। आधुनिक महाविद्यालय भवन का निर्माण क्षेत्र में उच्च शिक्षा के विस्तार के साथ युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।




