छत्तीसगढ़

चुचरुंगपुर केंद्र में चार गांवों के किसानों को मिल रही सहूलियत, परिवहन खर्च हुआ आधा*

*नया धान उपार्जन केंद्र खुलने से किसानों की राह हुई आसान, 7 किमी की दूरी घटकर रह गई 2 किमी*

*चुचरुंगपुर केंद्र में चार गांवों के किसानों को मिल रही सहूलियत, परिवहन खर्च हुआ आधा*

*तौल, टोकन और धान के सुरक्षित रखरखाव के पुख्ता इंतजाम*

कवर्धा, नवंबर 2026। किसानों को उनकी उपज बेचने के लिए नजदीक में सुविधा उपलब्ध कराने की पहल अब जमीन पर राहत बनकर दिखाई देने लगी है। चुचरुंगपुर में नए धान उपार्जन केंद्र की शुरुआत से आसपास के गांवों के किसानों को बड़ी सहूलियत मिली है। पहले किसानों को धान बेचने के लिए सोनपुरी समिति तक करीब 7 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती थी, लेकिन अब चुचरुंगपुर में ही उपार्जन केंद्र शुरू होने से यह दूरी घटकर महज 2 किलोमीटर रह गई है। इससे किसानों का समय और परिवहन खर्च दोनों बच रहे हैं। साथ ही टोकन प्राप्त करने से लेकर धान की तौल और सुरक्षित रखरखाव तक की व्यवस्थाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होने से किसानों को धान विक्रय में आसानी हो रही है।

चुचरुंगपुर धान उपार्जन केंद्र में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत खरीदी का कार्य सुचारू रूप से जारी है। केंद्र में अब तक 73 किसानों से 4,048 क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है। यहां कुल 614 किसान पंजीकृत हैं। आज 11 किसानों के लिए टोकन जारी किए गए हैं। केंद्र में प्रतिदिन औसतन 630 क्विंटल धान की खरीदी हो रही है।

*टोकन से तौल तक, किसानों की सुविधा का रखा जा रहा ध्यान*

उपार्जन केंद्र में किसानों की सहूलियत के लिए जरूरी व्यवस्थाएं की गई हैं। किसान तुंहर टोकन मोबाइल एप के माध्यम से ऑनलाइन टोकन प्राप्त कर रहे हैं। इसके साथ ही ऑफलाइन टोकन की सुविधा भी उपलब्ध है। धान की नाप-तौल के लिए व्यवस्था की गई है। खरीदे गए धान को बारिश और नमी से सुरक्षित रखने के लिए तिरपाल की व्यवस्था की गई हैं। वहीं धान की स्टैकिंग के दौरान पानी और नमी से बचाव के लिए ड्रेनेज की व्यवस्था भी की गई है, ताकि खरीदे गए धान का सुरक्षित रखरखाव हो सके।

*चार गांवों के किसानों को मिला नजदीक में धान बेचने का अवसर*

चुचरुंगपुर के किसान युवराज चंद्राकर ने बताया कि नया उपार्जन केंद्र खुलने से किसानों को काफी राहत मिली है। पहले धान बेचने के लिए सोनपुरी समिति तक 7 किलोमीटर जाना पड़ता था, अब यह दूरी घटकर 2 किलोमीटर रह गई है। इससे परिवहन खर्च आधा होने के साथ समय की भी बचत हो रही है। उन्होंने बताया कि अब टोकन और बारदाने की बेहतर व्यवस्था से धान बेचने में आसानी हो रही है। चुचरुंगपुर केंद्र से कुआं, बानो, चुचरुंगपुर और तमरवा गांव के किसानों को लाभ मिल रहा है। उन्होंने इस सुविधा के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार जताया।

*स्थानीय स्तर पर सुविधा से किसानों को समय और संसाधनों की बचत*

नया उपार्जन केंद्र शुरू होने से किसानों को अब अपनी उपज बेचने के लिए दूरस्थ केंद्रों पर निर्भर नहीं रहना पड़ रहा है। कम दूरी, सुविधाजनक टोकन व्यवस्था और धान के सुरक्षित रखरखाव के इंतजाम से किसानों को राहत मिल रही है। स्थानीय स्तर पर खरीदी की सुविधा मिलने से उनकी आवाजाही आसान हुई है और खेती-किसानी से जुड़े समय एवं संसाधनों की बचत भी हो रही है।

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button