*मुख्यमंत्री निर्माण मजदूर कौशल विकास एवं परिवार सशक्तिकरण योजना के तहत 7 हितग्राहियों को मिलेगा प्रशिक्षण*
*18 से 30 वर्ष आयु के पात्र अभ्यर्थी कर सकते हैं ऑनलाइन आवेदन*
*सीपेट रायपुर में दिया जाएगा 80 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण*
कवर्धा, नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल द्वारा संचालित मुख्यमंत्री निर्माण मजदूर कौशल विकास एवं परिवार सशक्तिकरण योजना के अंतर्गत पंजीकृत निर्माण श्रमिकों एवं उनके पात्र आश्रितों को रोजगारपरक कौशल प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। योजना के तहत कबीरधाम जिले के कुल 7 पात्र हितग्राहियों को सीपेट (सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ पेट्रोकेमिकल्स इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी), रायपुर के माध्यम से प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके लिए श्रम विभाग द्वारा इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
जिला श्रम अधिकारी श्री भूपेंद्र चंद्रवंशी ने बताया कि योजना के अंतर्गत चयनित हितग्राहियों को असिस्टेंट मशीन ऑपरेटर प्लास्टिक प्रोसेसिंग ट्रेड में 480 घंटे अर्थात 80 दिवस का कौशल प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण में निर्माण कार्यों में उपयोग होने वाले प्लास्टिक उत्पादों के विनिर्माण एवं प्रसंस्करण से संबंधित जानकारी और व्यावहारिक कौशल सिखाया जाएगा। यह प्रशिक्षण भारत सरकार के कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय के अधीन राष्ट्रीय व्यावसायिक शिक्षा एवं प्रशिक्षण परिषद द्वारा अनुमोदित केमिकल एवं पेट्रोकेमिकल सेक्टर के लेवल 3.5 के अनुरूप होगा। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम पूर्णतः आवासीय रहेगा तथा चयनित सभी प्रशिक्षणार्थियों के लिए सीपेट रायपुर में छात्रावास की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य निर्माण श्रमिकों एवं उनके पात्र आश्रितों को आधुनिक तकनीकी कौशल से दक्ष बनाकर रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना तथा उनके परिवारों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।
*ये हैं पात्रता की शर्तें*
प्रशिक्षण के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थी का छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल में पंजीकृत निर्माण श्रमिक होना अथवा किसी पात्र निर्माण श्रमिक का आश्रित होना आवश्यक है। प्रशिक्षण प्रारंभ होने की तिथि को अभ्यर्थी की आयु 18 से 30 वर्ष के बीच होनी चाहिए। शैक्षणिक योग्यता के अंतर्गत अभ्यर्थी का कक्षा 10वीं उत्तीर्ण होना आवश्यक है। इसके अतिरिक्त कक्षा 9वीं उत्तीर्ण एवं संबंधित कार्य में 1.5 वर्ष का अनुभव अथवा कक्षा 8वीं उत्तीर्ण एवं संबंधित कार्य में 3 वर्ष का अनुभव रखने वाले अभ्यर्थी भी निर्धारित शर्तों के अनुसार आवेदन कर सकते हैं।
*ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से करें आवेदन*
श्रम पदाधिकारी, जिला कबीरधाम ने बताया कि निर्धारित पात्रता रखने वाले इच्छुक निर्माण श्रमिक एवं उनके पात्र आश्रित श्रम विभाग के ऑनलाइन पोर्टल shramevjayate.cg.gov.in के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने पात्र हितग्राहियों से अपील की है कि वे योजना का लाभ लेने के लिए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ऑनलाइन आवेदन प्रस्तुत करें तथा रोजगारपरक कौशल प्रशिक्षण प्राप्त कर अपने भविष्य को बेहतर बनाने की दिशा में कदम बढ़ाएं।





