*सेवा संकल्प अभियान की कहानी जिसमें ग्रामीण महिलाएं कर रही ऊर्जा के क्षेत्र में कार्य*
*सौर ऊर्जा से 6 घरों को रोशन किया सोलर दीदियों ने*
*सोलर दीदी बन कबीरधाम की महिलाएं हुई आत्मनिर्भर*
*सोलर दीदी के रूप में स्वरोजगार का नया अध्याय*
कवर्धा, अक्टूबर 2026। सेवा संकल्प अभियान द्वारा क्लीन एनर्जी ग्रीन एनर्जी की थीम पर तेजी से कार्य हो रहे हैं। साथ ही बढ़ते विद्युत मांग के कारण शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सौर ऊर्जा सुलभ और किफायती विकल्प बनकर तेजी से उभरा है। सोलर पैनल से 24 घंटे विद्युत आपूर्ति ने सभी को प्रभावित किया है और बाजार में इसकी मांग को बढ़ाया है। सोलर पैनल के द्वारा स्वरोजगार के विकल्प पर काम करने कलेक्टर कबीरधाम श्रीमती तुलिका प्रजापति द्वारा निर्देशित किया गया। जिस पर जिला पंचायत कबीरधाम द्वारा अमल करते हुए इसे मूर्त रूप दिया गया है। कबीरधाम जिले के ग्रामीण क्षेत्रों को सौर ऊर्जा से रौशन करने का कार्य राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान की महिला स्व सहायता समूह की दीदियों ने मिलकर पूरा कर रहे है।
उल्लेखनीय है कि सोलर दीदी के रूप में कार्य करने के लिए वंदे मातरम संकुल संगठन कवर्धा को जिला पंचायत कबीरधाम बिहान एवं CSPDCL (RAPM) रायपुर के सहयोग से सोलर वेण्डर के रूप में रजिस्टर्ड किया गया है। साथ ही निजी क्षेत्र की कंपनी द्वारा संकुल संगठन के 35 दीदियों को इस व्यवसाय से जुड़ने के लिए सोलर दीदी के रूप में प्रशिक्षित किया गया। वेंडर के रूप में रजिस्टर्ड होने के बाद संकुल द्वारा सोलर पैनल लगाये जाने का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। अब इसके सुखद परिणाम आने लगे हैं। प्रदेश में पहली बार कबीरधाम जिले की 35 महिलाओं को सोलर दीदी के रूप में आजीविका की नई गतिविधियां मिली है। अभी तक कुल 06 घरो में इंस्टालेशन का काम पूरा हो चुका है। गुणवत्ता युक्त और प्रतिष्ठित कंपनी का 3 किलो वाट क्षमता का सोलर पैनल 180000 रुपए में ग्रामीणों को उपलब्ध कराया गया। जिसमें 108000 रुपए की अनुदान की राशि राज्य सरकार व केंद्र सरकार से प्राप्त हुआ,सोलर लगाने वाली कुल 4 सोलर दीदियों को इससे 18000 रूपये का आर्थिक लाभ प्राप्त हो चुका हैं। बिहान की दीदीया आत्मनिर्भर होकर आगे बढ़ा रही है और महिला समूह सफलता की ओर अग्रसर है।
कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में ऊर्जा के वैकल्पिक स्रोत सोलर पैनल लगाने की मांग शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ रही है। मांग बढ़ने से स्वरोजगार के नए अवसर भी उपलब्ध हो रहा हैं। शासन द्वारा सौर ऊर्जा की स्थापना करने रियायती दर पर सब्सिडी के साथ वित्तीय सहायता लोन के रूप में दी जा रही है। बिहान योजना से जुड़ी ग्रामीण महिलाओं को इस क्षेत्र में स्वरोजगार के नए अवसर मिले हैं। प्रशिक्षित ग्रामीण महिलाएं पुरुषों के काम को भी अच्छे से पूरा कर रही है और अपनी आजीविका कमा रही है।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि इस व्यवसाय से कबीरधाम जिले की ग्रामीण महिलाओं को पूरे राज्य में अलग पहचान मिली है। सोलर पैनल की स्थापना से महिला समूह के सदस्यों को कमीशन के रूप अच्छा लाभ हो रहा है। सोलर लगाने वाले परिवारों को आवश्यकता पड़ने पर सोलर दीदी के रूप में सभी तकनीकी सहायता समय पर मिल जाता है। अच्छे गुणवत्ता के सोलर पैनल समय पर तकनीकी सहायता के कारण समूह को बेहतर लाभ हो रहा है।





