*पंडवानी के माध्यम से एचआईवी-एड्स से बचाव का दिया संदेश*
कवर्धा, अक्टूबर 2026। इंटेंसिफाइड आईईसी कैंपेन 2026 के अंतर्गत ग्राम पंचायत बिरकोना, सोनपुरी रानी एवं नगर पंचायत पिपरिया के बड़े बाजार में एचआईवी-एड्स के प्रति जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय पंथी भजन एवं पंडवानी गायिका श्रीमती प्रतिमा बारले ने अपनी लोककला एवं पंडवानी प्रस्तुति के माध्यम से आमजन को एचआईवी-एड्स के कारण, लक्षण, बचाव एवं रोकथाम के उपायों की जानकारी दी। लोककला के माध्यम से दी गई सरल एवं प्रभावी प्रस्तुति ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया और एचआईवी-एड्स से संबंधित महत्वपूर्ण संदेश आमजन तक पहुंचाया।
कार्यक्रम के दौरान आईसीटीसी काउंसलर द्वारा भी लोगों को एचआईवी-एड्स के संक्रमण से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। इस दौरान निरोध एवं जागरूकता संबंधी पाम्पलेट का वितरण कर सुरक्षित व्यवहार अपनाने तथा एचआईवी-एड्स के प्रति फैली भ्रांतियों से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही लोगों को एचआईवी जांच एवं परामर्श सेवाओं के संबंध में भी जानकारी दी गई। आईसीटीसी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पिपरिया, जिला कबीरधाम द्वारा आयोजित इस जागरूकता अभियान का उद्देश्य लोककला एवं जनसहभागिता के माध्यम से एचआईवी-एड्स के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा लोगों को संक्रमण से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियों की जानकारी देना रहा।




