छत्तीसगढ़

सेवा संकल्प अभियान के तहत जिलेभर में चला स्वच्छता अभियान

*सेवा संकल्प अभियान के तहत जिलेभर में चला स्वच्छता अभियान*

*विशेष सफाई अभियान चलाकर स्वच्छता का दिया संदेश, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने किया श्रमदान*

कवर्धा,  अक्टूबर 2026। सेवा संकल्प अभियान एवं स्वच्छता ही सेवा अभियान 2026 के अंतर्गत जिले के नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता श्रमदान और विशेष सफाई अभियान का आयोजन किया जा रहा है। अभियान के तहत नगर पालिका परिषद पंडरिया, नगर पंचायत पांडातराई तथा जनपद पंचायत सहसपुर लोहारा अंतर्गत विभिन्न ग्राम पंचायतों में जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों एवं ग्रामीणों ने श्रमदान कर सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई की और स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता का संदेश दिया।
नगर पालिका परिषद पंडरिया द्वारा शासकीय बुनियादी पूर्व माध्यमिक शाला एवं पुराने बस स्टैंड परिसर में स्वच्छता श्रमदान एवं विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान विद्यालय परिसर एवं बस स्टैंड क्षेत्र की साफ-सफाई कर कचरे एवं अपशिष्ट को हटाया गया तथा सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ एवं व्यवस्थित किया गया। अभियान में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों एवं नागरिकों ने श्रमदान में सहभागिता करते हुए स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ने का संदेश दिया।
इसी प्रकार नगर पंचायत पांडातराई में भी स्वच्छता श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विभिन्न सार्वजनिक स्थलों एवं आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, मुख्य नगर पालिका अधिकारी सहित नगर पंचायत के अधिकारी-कर्मचारियों ने श्रमदान किया तथा नागरिकों को सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं फैलाने और अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने के लिए जागरूक किया।
जनपद पंचायत सहसपुर लोहारा अंतर्गत ग्राम पंचायत नवागांव में पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा मंदिर परिसर, स्कूल परिसर एवं ग्राम गुलालपुर में श्रमदान कर साफ-सफाई की गई। इस दौरान स्वच्छता बनाए रखने की शपथ भी दिलाई गई। ग्राम पंचायत बाजार चारभाठा में जनपद सदस्य एवं सभापति श्री सुदर्शन कुम्भकार, सरपंच श्री शिवम कुम्भकार, मितानिन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं ग्रामीणों की सहभागिता में स्कूलों, पंचायत भवन, आंगनबाड़ी केंद्र, स्वास्थ्य केंद्र एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई की गई।
ग्राम पंचायत कुटकीपारा में भी स्वच्छता ही सेवा 2026 के अंतर्गत सफाई अभियान चलाया गया। वहीं सेवा संकल्प अभियान एवं स्वच्छता ही सेवा 2026 के तहत तालपुर में सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई की गई। ग्राम पंचायत मजगांव में भी स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत सफाई कार्य किया गया।
स्वच्छता अभियान के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मितानिनों एवं ग्रामीणों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। अभियान के माध्यम से सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखने, कचरे का उचित प्रबंधन करने तथा स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया। इस दौरान नागरिकों से अपील की गई कि वे सार्वजनिक स्थलों पर कचरा न फैलाएं और अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने में सक्रिय सहयोग प्रदान करें।

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button