*7 एवं 8 अक्टूबर को रायपुर में राज्य स्तरीय रोजगार मेला, 8700 से अधिक पदों पर भर्ती का अवसर*
कवर्धा, अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के शिक्षित बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रोजगार विभाग द्वारा 7 एवं 8 अक्टूबर 2026 को सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम, बूढ़ापारा, रायपुर में राज्य स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। रोजगार मेले में छत्तीसगढ़ सहित अन्य राज्यों की प्रतिष्ठित 25 से अधिक कंपनियों एवं संस्थाओं द्वारा 8700 से अधिक तकनीकी एवं गैर-तकनीकी पदों पर भर्ती की जाएगी।
रोजगार मेले में शामिल होने के लिए आवेदकों की न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं कक्षा से स्नातकोत्तर तक तथा आवश्यकतानुसार तकनीकी योग्यता निर्धारित की गई है। आवेदकों की आयु 18 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए। चयनित अभ्यर्थियों को पद एवं योग्यता के अनुसार 10 हजार से 35 हजार रुपये तक वेतन प्राप्त होगा। यह रोजगार मेला पूर्णतः निःशुल्क है तथा अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार का शुल्क देने की आवश्यकता नहीं है।
कबीरधाम जिले के ऐसे युवा जो इस राज्य स्तरीय रोजगार मेले में शामिल होकर रोजगार का अवसर प्राप्त करना चाहते हैं, उनके लिए सर्वप्रथम रोजगार पंजीयन एवं रोजगार मेला पोर्टल पर पंजीयन करना अनिवार्य है। पंजीयन के पश्चात ऑनलाइन आवेदन प्रस्तुत कर अभ्यर्थी निर्धारित दिनांक एवं स्थल पर उपस्थित होकर साक्षात्कार में शामिल हो सकते हैं। रोजगार मेले में उपलब्ध रिक्तियों, कंपनियों, पदों एवं आवश्यक योग्यताओं की विस्तृत जानकारी रोजगार विभाग के वेब पोर्टल रोजगार विभाग का वेब पोर्टल पर प्राप्त की जा सकती है।
जिला रोजगार कार्यालय, कबीरधाम ने जिले के शिक्षित बेरोजगार युवाओं से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाते हुए समय पर रोजगार पंजीयन एवं रोजगार मेला पोर्टल पर पंजीयन कर ऑनलाइन आवेदन प्रस्तुत करें तथा निर्धारित तिथि को रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय रोजगार मेले में उपस्थित होकर साक्षात्कार में शामिल हों। अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय, कबीरधाम के दूरभाष क्रमांक 07741-299344 पर संपर्क किया जा सकता है।





