छत्तीसगढ़

विश्व हृदय दिवस पर पॉलीटेक्निक कॉलेज कवर्धा में स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का हुआ आयोजन

*विश्व हृदय दिवस पर पॉलीटेक्निक कॉलेज कवर्धा में स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का हुआ आयोजन*

*क्विज एवं पोस्टर प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को हृदय स्वास्थ्य के प्रति किया जागरूक*

कवर्धा, अक्टूबर 2026। विश्व हृदय दिवस के अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के निर्देशन में शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज, कवर्धा में स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को हृदय स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ हृदय रोगों से बचाव एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के लिए स्वास्थ्य जागरूकता क्विज एवं पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए हृदय स्वास्थ्य से संबंधित महत्वपूर्ण संदेशों को पोस्टर के माध्यम से रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया। क्विज के माध्यम से विद्यार्थियों के ज्ञानवर्धन के साथ उन्हें हृदय को स्वस्थ रखने के आवश्यक उपायों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को बताया गया कि हृदय शरीर का महत्वपूर्ण अंग है, जो पूरे शरीर में रक्त एवं ऑक्सीजन पहुंचाने का कार्य करता है। हृदय को स्वस्थ रखने के लिए संतुलित एवं पौष्टिक आहार का सेवन, नमक एवं वसा का सीमित उपयोग, नियमित शारीरिक गतिविधि एवं व्यायाम, पर्याप्त नींद तथा तनाव को नियंत्रित रखना आवश्यक है। विद्यार्थियों को तंबाकू एवं धूम्रपान से पूरी तरह दूर रहने, रक्तचाप, रक्त शर्करा एवं कोलेस्ट्रॉल की नियमित जांच कराने तथा स्वास्थ्य संबंधी किसी भी असामान्य लक्षण को नजरअंदाज नहीं करने के लिए जागरूक किया गया। इस अवसर पर डॉ. हर्षित तुवानी ने हृदय स्वास्थ्य एवं हृदय रोगों से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वस्थ दिनचर्या अपनाने तथा नियमित स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्रीमती अनुपमा तिवारी के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में जिला एनसीडी सलाहकार आकांक्षा लिखार एवं गौरव सोनी, जेएसए, महाविद्यालय के प्राचार्य एवं स्टाफ उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यार्थियों को तंबाकू सेवन से होने वाले स्वास्थ्य दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए तंबाकू से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को उत्साहवर्धन हेतु पुरस्कृत किया गया। स्वास्थ्य विभाग ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के साथ अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी हृदय स्वास्थ्य, तंबाकू नियंत्रण एवं नियमित स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूक करें।

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button