लोग अपनी बालकनी, छत और गार्डन को हरा-भरा बनाए रखने के लिए कई तरह के पेड़-पौधे लगाते हैं। इसमें कई तरह के फूल भी शामिल होते हैं। अक्सर लोग फूलों का पौधा नर्सरी से खरीदना पसंद करते हैं। लेकिन कई पौधे ऐसे हैं जिनकी शाखाओं से नए पौधे तैयार किए जा सकते हैं। अपराजिता भी इन्हीं में से एक है। यह एक खूबसूरत बेलदार पौधा है जिसके नीले और सफेद रंग के तितली जैसे आकर्षक फूल होते हैं। अगर आपके गार्डन में अपराजिता का पौधा पहले से लगा है, तो उसकी कटिंग से कई नए पौधे तैयार कर सकते हैं। अपराजिता की बेल को बालकनी की रेलिंग, जाली या ट्रेलिस का सहारा देकर आसानी से ऊपर चढ़ाया जा सकता है। पर्याप्त धूप और सही देखभाल करने पर यह तेजी से बढ़ती है।
कटिंग का तरीका
स्टेम कटिंग में तने का वह हिस्सा इस्तेमाल किया जाता है जिसमें गांठ यानी नोड मौजूद हो। कटिंग के लिए हमेशा स्वस्थ, हरी और कीट या रोग से मुक्त शाखा चुनें। लगभग 8-15 सेंटीमीटर लंबी ऐसी शाखा लें, जिसमें कम से कम 2-3 गांठें हों। कट हमेशा साफ और तेज धार वाली कैंची या प्रूनर से करें।
कटिंग तैयार करने का सही तरीका
चुनी हुई शाखा को पौधे से काटने के बाद इसके निचले हिस्से की पत्तियों को हटा दें। ऊपर की तरफ 2-3 पत्तियां रहने दें। अगर कटिंग पर फूल या कलियां लगी हों तो उन्हें भी हटा देना बेहतर है, ताकि पौधा अपनी ऊर्जा जड़ बनाने में लगा सके। कटिंग को तुरंत लगा दें, ताकि वह सूखने न पाए।
कैसी होनी चाहिए मिट्टी
अपराजिता की कटिंग को नम रेत या वर्मीकुलाइट में लगाना बेहतर माना जाता है। घर पर मिट्टी तैयार कर रहे हैं, तो उसे ऐसा रखें जिसमें पानी जमा न हो और हवा का संचार बना रहे। इसके लिए एक हिस्सा मोटी रेत, एक हिस्सा कोकोपीट और एक हिस्सा परलाइट या हल्की जल निकासी वाली मिट्टी को अच्छी तरह मिला लें।
कटिंग लगाने का तरीका
गमले में मिश्रण भरने के बाद उंगली या लकड़ी की मदद से छोटा छेद करें और कटिंग के निचले हिस्से की एक-दो गांठों को मिट्टी के अंदर दबा दें। इसके बाद आसपास की मिट्टी को हल्के हाथ से दबा दें और थोड़ा पानी दें। इसी तरह अगर और पौधे चाहिए तो दूसरे गमले में भी कटिंग लगा सकते हैं।
गमला कहां रखें
कटिंग लगाने के बाद गमले को ऐसी रोशनी वाली जगह पर रखें जहां सुबह की हल्की धूप मिल सके। जब कटिंग में जड़ें विकसित होने लगें और नई पत्तियां दिखाई देने लगें, तब धीरे-धीरे उसे अधिक रोशनी वाली जगह पर ले जा सकते हैं। जब कटिंग वाले गमले की ऊपरी सतह सूखने लगे तब हल्का पानी दें।
कितने दिन में निकलती हैं जड़ें
जड़ें कितने दिन में निकलेंगी यह तापमान, नमी, कटिंग की उम्र और पौधे की स्थिति पर निर्भर करता है। आमतौर पर कुछ सप्ताह का समय लग सकता है। नई पत्तियां या नई शाखा निकलना इसके अच्छे विकास का संकेत माना जाता है। जब कटिंग अच्छी तरह जड़ पकड़ ले और नई वृद्धि दिखाई देने लगे, तब उसे दूसरे गमले में लगा सकते हैं। इस तरह आप घर पर ही आसानी से अपराजिता के पौधे से कई सारी कटिंग काटकर नए पौधे तैयार कर सकते हैं।
डिस्क्लेमर: यह लेख केवल सामान्य जानकारी के लिए है। पौधे से जुड़ी किसी भी समस्या की सही पहचान और उचित देखभाल के लिए बागवानी विशेषज्ञ की सलाह लें।





