*अपने विकास के लिए विकसित ग्राम पंचायत प्लान तैयार करने जुटे ग्रामीण*
*2 अक्टूबर के विशेष ग्राम सभा में गांव के विकास पर हुई चर्चा*
*जी राम जी योजना से जल संरक्षण और दीर्घकालिक विकास सहित स्वच्छ भारत, नशा मुक्ति एवं आजीविका संवर्धन जैसे अनेक विषयों पर हुई व्यापक चर्चा*
*सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य हो रहा पूरा, गांव के विकास योजना में स्थानीय समुदाय हो रहे शामिल*
कवर्धा अक्टूबर 2026। सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत जिले के वनांचल क्षेत्र से लेकर मैदानी क्षेत्रो तक अपने ग्राम पंचायत को विकास के मुख्य धारा से जोड़ते हुए 2047 तक विकसित भारत बनाए जाने के संकल्प को पूरा किया जाना है। इसी उद्देश्य से विकास कार्य की रूपरेखा पर 2 अक्टूबर की विशेष ग्राम सभा में ग्रामीणों द्वारा विस्तार से चर्चा की। विकसित भारत रोजगार के लिए गारंटी और आजीविका मिशन ग्रामीण अंतर्गत विकसित ग्राम पंचायत प्लान तैयार करने के लिए ग्रामीणों के समक्ष योजना से संबंधित पूरी जानकारी रखी गई। जी राम जी योजना के चार आधार स्तंभ सशक्तिकरण, विकास,अभिसरण और संतृप्ति द्वारा विकसित राष्ट्र के लिए विकसित ग्राम पंचायत बनाए जाने ग्रामीणों ने आपस मे विचार विमर्श किया। पंचायत की जरूरत के अनुसार योजना अंतर्गत सूचीबद्ध 375 कार्यों की पहचान कर रोजगार,स्थाई परिसंपत्तियों का निर्माण और स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
इस संबंध में जानकारी देते हुए कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के दौरान 2 अक्टूबर के ग्राम सभा में जी राम जी योजना से गांव के जरूरत पर बात हुई है। गांव में स्वच्छता बनाए रखने के लिए सामूहिक प्रयास का निर्णय लिया गया। नशा मुक्ति का संकल्प लेकर गांव को विकास के मुख्य धारा से जोड़ने संकल्प हुआ है। विकसित ग्राम पंचायत प्लान तैयार करने के लिए ग्रामीणों को योजनाओं के अभिसरण से मूलभूत विकास की जानकारी दी गई। ग्रामीण भारत के लिए 125 दिन का रोजगार, 300 का प्रतिदिन मजदूरी भुगतान,स्थाई निर्माण कार्यों से आजीविका के नए स्रोतों का सृजन और निर्माण कार्यों में ऑनलाइन अटेंडेंस सहित अन्य पारदर्शी व्यवस्था से ग्रामीणों को रूबरू कराया गया।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अभिषेक अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि विशेष ग्राम सभा के अवसर पर जिले के सभी ग्राम पंचायतो में स्वच्छता ही सेवा अंतर्गत सार्वजनिक स्थानों की साफ सफाई का आयोजन किया गया। जनभागितारी से स्वच्छता का संदेश सभी के लिए प्रेरणादायक रहा। जी राम जी योजना से ग्रामीण अंचलों में दीर्घकालिक विकास के लिए रूपरेखा तैयार किया जाना है। सभी काम ग्रामीणों की इच्छा और उनकी आवश्यकता को ध्यान में रखकर होगा।इसी के लिए ग्रामीणों ने आज मिल बैठकर अपने गांव के विकास की कार्य योजना पर व्यापक चर्चा की है।





