*माय भारत यूथ वॉलंटियर्स ने मनाई महात्मा गांधी जी की जयंती, युवाओं ने अर्पित की श्रद्धांजलि*
कवर्धाअक्टूबर 2026। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की जयंती के पावन अवसर पर ग्राम पंचायत खम्हरिया में मेरा युवा भारत, कवर्धा (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) के संयुक्त तत्वावधान में श्रद्धांजलि एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम जिला युवा अधिकारी श्री राज पटेल जी के मार्गदर्शन में तथा राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक रोहित रजक, ब्लॉक पंडरिया के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित युवाओं ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर युवाओं ने गांधी जी के सत्य, अहिंसा, शांति, प्रेम और स्वच्छता के सिद्धांतों को याद किया तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में जय महामाया नवयुवक मंडल, ग्राम खम्हरिया के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। युवाओं ने महात्मा गांधी जी के विचारों को अपने जीवन में आत्मसात करने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का संकल्प लिया। साथ ही स्वच्छता, सामाजिक एकता और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर भी जोर दिया गया।





