छत्तीसगढ़

जल जन सेवा संकल्प अभियान के तहत दमाऊ नाला व्यपवर्तन क्षेत्र में जन-चैपाल एवं किसान जागरूकता कार्यक्रम का हुआ आयोजन

*जल जन सेवा संकल्प अभियान के तहत दमाऊ नाला व्यपवर्तन क्षेत्र में जन-चैपाल एवं किसान जागरूकता कार्यक्रम का हुआ आयोजन*

*नहर के अंतिम छोर तक पहुंच रहा पानी, नहर सुदृढ़ीकरण के लिए 3 करोड़ रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति*

कवर्धा, 30 सितंबर 2026। जल जन सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जल संसाधन विभाग द्वारा निर्धारित पंचांग के अनुसार दमाऊ नाला व्यपवर्तन के नवीन भ्रमण स्थल एवं कमांड क्षेत्र में जन-चैपाल एवं किसान जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों से सीधे संवाद स्थापित कर सिंचाई व्यवस्था, जल संरक्षण एवं नहर प्रबंधन से संबंधित विषयों पर चर्चा करना रहा। कार्यक्रम में जल संसाधन उपसंभाग क्रमांक-3, सहसपुर लोहारा के अनुभागीय अधिकारी श्री राहुल पंत एवं उप अभियंता श्री ओम प्रकाश कुलमित्र उपस्थित रहे। जन-चैपाल में ग्राम पंचायत के सरपंच, ग्राम सचिव, वरिष्ठ एवं बुजुर्ग नागरिकों के साथ बड़ी संख्या में कृषकों ने सहभागिता की।

अंतिम छोर तक पहुंच रहा सिंचाई का पानी

जन-चैपाल के दौरान किसानों से नहर के अंतिम छोर तक सिंचाई का पानी पहुंचाने, जल संरक्षण तथा सिंचाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के संबंध में चर्चा की गई। किसानों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बताया कि इस वर्ष दमाऊ नाला व्यपवर्तन के अंतिम छोर तक पानी सफलतापूर्वक पहुंच रहा है। किसानों ने इसके लिए ग्रीष्मकाल में विभाग द्वारा वार्षिक मरम्मत के अंतर्गत नहर की कराई गई साफ-सफाई को महत्वपूर्ण बताया।

नहर सुदृढ़ीकरण के लिए 3 करोड़ रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति

कार्यक्रम में किसानों को जानकारी दी गई कि दमाऊ नाला व्यपवर्तन के नहर सुदृढ़ीकरण के लिए शासन स्तर से 3 करोड़ रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। वर्तमान में कार्य की निविदा प्रक्रिया प्रक्रियाधीन है। निविदा प्रक्रिया पूर्ण होने तथा खेतों में फसल कटाई के बाद नहर के सुदृढ़ीकरण एवं साफ-सफाई का कार्य प्रारंभ किया जाएगा। नहर के सुदृढ़ीकरण एवं आवश्यक मरम्मत कार्य पूर्ण होने से क्षेत्र के दूरस्थ ग्रामों तक सिंचाई का पानी पहुंचाने में सुविधा होगी। इसके साथ ही क्षेत्र के निस्तारी तालाबों तक भी पानी की उपलब्धता बेहतर होने की संभावना है।

रबी फसल के लिए भी बेहतर होगी सिंचाई व्यवस्था

चर्चा के दौरान किसानों ने बताया कि दमाऊ नाला व्यपवर्तन में जनवरी से फरवरी माह तक पर्याप्त पानी उपलब्ध रहता है। नहर के सुदृढ़ीकरण से उपलब्ध जल का अधिकतम उपयोग किया जा सकेगा, जिससे आगामी समय में रबी फसल के लिए सिंचाई की व्यवस्था को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

किसानों से लिए गए सुझाव

जन-चैपाल में किसानों ने नहर के विभिन्न स्थानों पर आ रही समस्याओं की जानकारी अधिकारियों के समक्ष रखी। किसानों ने नहर के आवश्यक स्थानों पर सुदृढ़ीकरण, डिजाइन एवं पक्कीकरण से संबंधित अपने सुझाव भी दिए। अधिकारियों ने किसानों की समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुना तथा आवश्यक बिंदुओं को संज्ञान में लिया। जल संसाधन विभाग द्वारा आयोजित यह जन-चैपाल जल संरक्षण, जल संवर्धन एवं कृषक कल्याण से जुड़े विषयों पर विभाग और किसानों के बीच सीधे संवाद का माध्यम बनी।

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button