छत्तीसगढ़

तेज आवाज एवं पटाखे जैसी ध्वनि करने वाले मॉडिफाई साइलेंसरों पर कबीरधाम यातायात पुलिस की सख्त कार्यवाही।*

*

*तेज आवाज एवं पटाखे जैसी ध्वनि करने वाले मॉडिफाई साइलेंसरों पर कबीरधाम यातायात पुलिस की सख्त कार्यवाही।*

*शहर में 25 बुलेट मोटरसाइकिल वाहनों से अवैधानिक मॉडिफाई साइलेंसर निकलवाए गए, वाहन चालकों को दी गई अंतिम चेतावनी।*

कबीरधाम जिले के विभिन्न अस्पतालों, स्कूलों, गली-मोहल्लों एवं आम नागरिकों से लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं कि कुछ बुलेट वाहन चालकों द्वारा अपने वाहनों में अवैधानिक रूप से मॉडिफाई साइलेंसर लगाकर तेज एवं पटाखे जैसी आवाज निकाली जा रही है। इस प्रकार की तेज आवाज से अस्पतालों में मरीजों, स्कूली बच्चों, विद्यार्थियों, बुजुर्गों एवं आम नागरिकों को परेशानी तथा भय का सामना करना पड़ रहा है, जिससे शहर का शांत वातावरण भी प्रभावित हो रहा है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव द्वारा यातायात प्रभारी को ऐसे वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के तहत सख्त वैधानिक कार्यवाही करने तथा अवैधानिक मॉडिफाई साइलेंसर तत्काल निकलवाने के निर्देश दिए गए।

उक्त निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हेमसागर सिदार एवं श्री अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा यातायात उप पुलिस अधीक्षक श्रीमती अपूर्वा क्षत्रिय के दिशा-निर्देश में यातायात शाखा प्रभारी उप निरीक्षक श्री अजयकांत तिवारी के नेतृत्व में यातायात पुलिस द्वारा शहर में कार्यवाही करते हुए तेज एवं पटाखे जैसी आवाज करने वाले मॉडिफाई साइलेंसर लगे कुल 25 बुलेट मोटरसाइकिल से अवैधानिक साइलेंसर निकलवाए गए। साथ ही संबंधित वाहन चालकों को भविष्य में इस प्रकार के साइलेंसर का उपयोग नहीं करने की अंतिम चेतावनी दी गई।

*कबीरधाम पुलिस की आम नागरिकों से “अपील”*

कबीरधाम यातायात पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि अपने वाहनों में तेज एवं पटाखे जैसी आवाज करने वाले मॉडिफाई साइलेंसर का उपयोग न करें। जिम्मेदार नागरिक होने का परिचय देते हुए ऐसे साइलेंसर स्वयं ही निकलवा लें। साथ ही, यदि आसपास कोई वाहन चालक इस प्रकार के अवैधानिक साइलेंसर का उपयोग करता दिखाई दे, तो इसकी सूचना तत्काल यातायात पुलिस को दें।

आम नागरिकों की सुविधा, बच्चों एवं बुजुर्गों की सुरक्षा तथा शहर में शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए कबीरधाम यातायात पुलिस की यह कार्यवाही लगातार जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button