*सेवा संकल्प अभियान: पीएम-अजय योजना से ममता गंधर्व के जनरल स्टोर को मिली नई उड़ान*
*अनुदान एवं ऋण सहायता से मजबूत हुई आजीविका, परिवार की आर्थिक स्थिति में आया सकारात्मक बदलाव*
कवर्धा, सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत जरूरतमंद एवं वंचित वर्गों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए संचालित योजनाओं का लाभ ग्रामीण क्षेत्रों में भी लोगों की आजीविका को नई दिशा दे रहा है। जहां शासकीय योजनाओं की सहायता से हितग्राही आत्मनिर्भरता की ओर आगे बढ़ रहे हैं। कबीरधाम जिले के सहसपुर लोहारा विकासखंड के ग्राम बड़ौदाकला निवासी श्रीमती ममता गंधर्व के लिए अनुसूचित जाति वर्ग के लिए संचालित प्रधानमंत्री अभ्यूदय (पीएम-अजय) योजना आर्थिक बदलाव का माध्यम बनी है। अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम के सहयोग से संचालित इस योजना के अंतर्गत वर्ष 2025-26 में जनरल स्टोर व्यवसाय के लिए स्वीकृत ऋण के विरुद्ध उन्हें 0.50 लाख रुपये की अनुदान राशि प्रदान की गई।
छोटी दुकान से शुरू हुआ सफर
योजना का लाभ मिलने से पहले श्रीमती ममता गंधर्व छोटी दुकान और कृषि कार्य के माध्यम से परिवार की जरूरतें पूरी करती थीं। सीमित आय के कारण आर्थिक जरूरतों को पूरा करना चुनौतीपूर्ण था। इसी दौरान उन्हें जिला अंत्यावसायी विभाग की योजनाओं की जानकारी मिली। उन्होंने विभाग से संपर्क कर योजना के तहत आवेदन किया। आवेदन स्वीकृत होने के बाद प्राप्त अनुदान एवं ऋण सहायता से उन्होंने अपने जनरल स्टोर का विस्तार किया और व्यवसाय को व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाया।
व्यवसाय से बढ़ी आमदनी, परिवार को मिला सहारा
जनरल स्टोर के संचालन से श्रीमती ममता गंधर्व की आय में सुधार आया है। अब वह अपने परिवार की आर्थिक जरूरतों में स्वयं योगदान दे रही हैं। व्यवसाय के कारण उन्हें रोजगार के लिए बाहर जाने या काम की तलाश में भटकने की जरूरत नहीं पड़ती। आर्थिक स्थिति बेहतर होने से बच्चों की पढ़ाई सहित परिवार की अन्य आवश्यकताओं को पूरा करने में भी सुविधा हुई है। वह नियमित रूप से ऋण की किस्तें जमा कर रही हैं। विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों से मिलने वाला मार्गदर्शन भी व्यवसाय को बेहतर ढंग से संचालित करने में उनके लिए उपयोगी साबित हो रहा है।
आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा परिवार
श्रीमती ममता गंधर्व की सफलता यह दर्शाती है कि शासकीय योजनाओं के माध्यम से मिलने वाली वित्तीय सहायता और मार्गदर्शन ग्रामीण परिवारों के लिए स्वरोजगार का मजबूत आधार बन सकता है। जनरल स्टोर के माध्यम से वह अपने परिवार की आर्थिक जरूरतों को पूरा करने के साथ व्यवसाय को आगे बढ़ाने के लिए भी प्रयासरत हैं।
श्रीमती ममता गंधर्व ने योजना का लाभ मिलने पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि इससे उन्हें अपना व्यवसाय बढ़ाने का अवसर मिला। अब वह नियमित रूप से ऋण की किस्त जमा कर रही हैं और अपने बच्चों की पढ़ाई पर भी ध्यान दे पा रही हैं। उन्होंने योजना के लिए जिला अंत्यावसायी विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया।





