*मां दन्तेश्वरी महिला स्व-सहायता समूह को मिला 10 वर्षीय तालाब पट्टा*
*कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने समूह की महिलाओं को सौंपा अनुमति पत्र*
*मत्स्य पालन से बढ़ेगा स्वावलंबन और आजीविका*
कवर्धा, सितंबर 2026। महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण आजीविका संवर्धन की दिशा में कबीरधाम जिले में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति के अनुमोदन से बोड़ला जनपद पंचायत के ग्राम बांटीपथरा की मां दन्तेश्वरी महिला स्व-सहायता समूह को शासकीय तालाब 10 वर्षों के लिए मत्स्य पालन हेतु पट्टे पर प्रदान किया गया है। कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने आज समूह की महिलाओं को अनुमति पत्र सौंपा। इस पहल से ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार का अवसर मिलेगा और वे मत्स्य पालन के माध्यम से अपनी आय बढ़ाकर आर्थिक रूप से अधिक सशक्त बन सकेंगी।
शासकीय तालाब का पट्टा मिलने से समूह की महिलाओं को मत्स्य पालन गतिविधियों को व्यवस्थित रूप से संचालित करने का अवसर प्राप्त होगा। इससे ग्रामीण क्षेत्र में आजीविका के नए साधन विकसित होंगे तथा महिलाओं की आर्थिक भागीदारी और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिलेगा। समूह की महिलाएं सामूहिक रूप से मत्स्य पालन का कार्य करते हुए उत्पादन, प्रबंधन और विपणन से जुड़ी गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा सकेंगी। मत्स्य निरीक्षक श्री निलेश चंद्रवंशी द्वारा आवश्यक कागजी कार्रवाई और प्रक्रिया का निष्पादन किया गया। यह आवंटन छत्तीसगढ़ शासन के कृषि (मछलीपालन) विभाग के दिशा-निर्देशों तथा छत्तीसगढ़ पंचायत राज अधिनियम, 1993 के प्रावधानों के तहत किया गया है।





