अपने अनोखे अंदाज में पढ़ाने के लिए मशहूर पटना के शिक्षक और यूट्यूबर फैसल खान उर्फ खान सर रविवार को ताजमहल का दीदार करने पहुंचे। कड़ी सुरक्षा में जैसे ही खान सर ने ताज परिसर में कदम रखा, उन्हें देखने के लिए पर्यटकों का हुजूम उमड़ पड़ा। उनकी एक झलक पाने और उनके साथ सेल्फी लेने के लिए छात्रों और युवाओं में जबरदस्त होड़ देखने को मिली
खान सर के आगरा आगमन की सूचना मिलते ही सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। वह सुरक्षाकर्मियों के घेरे में मुख्य मकबरे तक पहुंचे। ताज की वास्तुकला और उसके इतिहास को जानकर वह काफी अभिभूत नजर आए। उन्होंने डायना बेंच पर बैठकर फोटो भी खिंचवाई। इस दौरान उन्होंने ताजमहल के संरक्षण और उसकी खूबसूरती की जमकर प्रशंसा की।
ताजमहल भ्रमण के दौरान वहां मौजूद छात्र अपने चहेते शिक्षक को देख खुद को रोक नहीं पाए। पर्यटकों ने उन्हें चारों ओर से घेर लिया। कई छात्रों ने उनके पैर छुए। सुरक्षाकर्मियों को भीड़ को नियंत्रित करने में खासी मशक्कत करनी पड़ी। खान सर ने भी निराश न करते हुए मुस्कुराकर अपने प्रशंसकों का अभिवादन स्वीकार किया और कई छात्रों के साथ सेल्फी भी ली।
छात्रों को दी सलाह
मुलाकात के दौरान कुछ छात्रों ने उनसे प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर सवाल किया, तो खान सर ने अपने चिर-परिचित अंदाज में उन्हें प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह चाबी है जिससे सफलता के हर बंद दरवाजे खोले जा सकते हैं। इसलिए मन लगाकर पढ़ाई करो।