देश दुनिया

पेड़ पर आराम कर रहा था लेपर्ड, वहीं गुजर रही थी सफारी गाड़ी… नजर पड़ी तो दोगुना हो गया पर्यटकों का रोमांच

बिहार के वाल्मीकि टाइगर रिजर्व में जंगल सफारी के दौरान पर्यटकों को एक ऐसा नजारा दिखा, जिसके लिए लोग जंगलों का रुख करते हैं. सफारी गाड़ी जंगल के रास्ते आगे बढ़ रही थी. पर्यटक पेड़ों और आसपास के नजारों को देख रहे थे. तभी उनकी नजर एक पेड़ पर पड़ी. वहां एक लेपर्ड आराम से बैठा था.

जंगल के बीच अचानक हुए इस दीदार ने सफारी का रोमांच बढ़ा दिया. कुछ देर के लिए पर्यटकों की निगाहें उसी पेड़ पर टिक गईं. यह नजारा वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के मंगुराहा जंगल सफारी का है. बुधवार शाम सफारी के दौरान पर्यटकों को पेड़ पर लेपर्ड दिखाई दिया. वह अपने प्राकृतिक अंदाज में आराम करता नजर आया.जंगल में किसी वन्यजीव को उसके प्राकृतिक ठिकाने पर देखना पर्यटकों के लिए खास अनुभव रहा. इस नजारे को पटना से आए शशि शेखर और शिखा कुमारी ने अपने परिवार के साथ देखा. परिवार मंगुराहा जंगल सफारी का आनंद लेने पहुंचा था. उन्हें उम्मीद थी कि जंगल में किसी वन्यजीव की झलक मिल सकती है, लेकिन पेड़ पर आराम करता लेपर्ड दिख जाएगा, यह अनुभव उनके लिए खास बन गया.

इकलौता टाइगर रिजर्व है वाल्मीकि

वाल्मीकि टाइगर रिजर्व बिहार का इकलौता टाइगर रिजर्व है. यहां घने जंगल, प्राकृतिक खूबसूरती और कई तरह के वन्यजीव हैं. मंगुराहा जंगल सफारी के जरिए पर्यटक जंगल की दुनिया को करीब से देख सकते हैं. जंगल में बाघ या लेपर्ड को उसके प्राकृतिक आवास में देखना चिड़ियाघर में उसे देखने से बिल्कुल अलग अनुभव है. यहां न जानवरों के दिखने का कोई तय वक्त होता है और न ही उनकी मौजूदगी की गारंटी. इस बार पटना से आए परिवार की किस्मत अच्छी रही. सफारी के दौरान उन्हें पेड़ पर आराम करता लेपर्ड दिख गया. जंगल की इसी अनिश्चितता में तो सफारी का असली रोमांच छिपा है.

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button