हिमाचल प्रदेश सरकार की इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना के तहत आवेदन करने वाली लाखों महिलाओं को निराशा हाथ लगी है। योजना के लिए पिछले तीन वर्षों में प्राप्त 8.25 लाख से अधिक आवेदनों में से 7.69 लाख आवेदन अस्वीकृत कर दिए गए हैं। यानी कुल आवेदनों में से करीब 93 फीसदी महिलाओं को योजना के लिए पात्र नहीं पाया गया। वहीं, अब तक 51,853 आवेदनों को ही मंजूरी मिल पाई है। 4,408 आवेदन अभी भी लंबित हैं। शनिवार को विधानसभा में पांवटा साहिब के विधायक सुखराम चौधरी की ओर से पूछे गए सवाल का लिखित जवाब में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री धनीराम शांडिल ने बताया कि एक नवंबर 2026 तक योजना के लिए कुल 8,25,446 आवेदन प्राप्त हुए थे। इनमें से 7,69,185 आवेदन निरस्त किए गए हैं। इतनी बड़ी संख्या में आवेदन खारिज होने की प्रमुख वजह योजना के नियमों में पारिवारिक वार्षिक आय की सीमा दो लाख रुपये निर्धारित किया जाना है। इस आय सीमा के कारण बड़ी संख्या में आवेदक महिलाएं योजना की पात्रता पूरी नहीं कर सकीं। पात्र महिलाओं को योजना का लाभ नियमानुसार चरणबद्ध तरीके से
शेष पात्र महिलाओं को योजना का लाभ नियमानुसार चरणबद्ध तरीके से दिया जाएगा। जिलावार आंकड़ों के अनुसार कांगड़ा जिला आवेदन निरस्त होने के मामले में सबसे आगे है। यहां प्राप्त 1,75,544 आवेदनों में से 1,59,068 आवेदन खारिज किए गए, जबकि 15,670 को मंजूरी मिली। मंडी में 1,23,125 आवेदनों में से 1,19,938 अस्वीकृत हुए। शिमला में 79,536, ऊना में 73,399 और सिरमौर में 72,229 आवेदन निरस्त किए गए। सोलन में भी 51,837 आवेदनों में से 51,246 खारिज हुए हैं। हमीरपुर में 49,786, बिलासपुर में 44,994 और चंबा में 56,048 महिलाओं के आवेदन अस्वीकृत किए गए। इसके विपरीत पांगी में 3,228 आवेदनों में से 1,926 को मंजूरी मिली है। काजा में 1,054 में से 814 और डोडरा क्वार में 835 में से 509 आवेदन स्वीकृत हुए हैं।
0 2,500 1 minute read





