नई दिल्ली। दिल्ली में पढ़ने वाली छात्राओं के लिए कॉलेज का सफर अब और भी सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक होने जा रहा है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कमला नेहरू कॉलेज (KNC) के ‘कॉलेज डे’ समारोह में शिरकत करते हुए छात्राओं को बड़ी सौगात दी और दो नई ‘यूनिवर्सिटी लेडीज स्पेशल’ बस सेवाओं का शुभारंभ किया।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य दिल्ली विश्वविद्यालय (खासकर साउथ कैंपस) की छात्राओं को सुरक्षित और डायरेक्ट पब्लिक ट्रांसपोर्ट की सुविधा मुहैया कराना है, ताकि उन्हें सफर में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
लेडीज स्पेशल बसों के नए रूट
छात्राओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इन बसों को दो प्रमुख मेट्रो स्टेशनों से सीधे कॉलेजों तक जोड़ा गया है।
- पहला रूट: लक्ष्मी नगर मेट्रो स्टेशन से गार्गी कॉलेज तक।
- दूसरा रूट: ग्रीन पार्क मेट्रो स्टेशन से कमला नेहरू कॉलेज तक।
वंदे मातरम्’ अकादमिक भवन का उद्घाटन
इस खास अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सिर्फ बस सेवाओं को ही हरी झंडी नहीं दिखाई, बल्कि कमला नेहरू कॉलेज परिसर में नवनिर्मित ‘वंदे मातरम्’ अकादमिक भवन का भी उद्घाटन किया। यह नया ब्लॉक छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक माहौल और आधुनिक सुविधाएं प्रदान करने के लिए तैयार किया गया है।
कार्यक्रम में मौजूद रहे कई गणमान्य लोग
कमला नेहरू कॉलेज के इस समारोह में राजनीति और शिक्षा जगत की कई बड़ी हस्तियां मौजूद रहीं। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ विधायक अनिल शर्मा और विधायक नीरज बसोया शामिल हुए। इसके अलावा, शिक्षा क्षेत्र से गुजरात सेंट्रल यूनिवर्सिटी की कुलपति प्रो. विजेता सिंह और दिल्ली विश्वविद्यालय के साउथ कैंपस की निदेशक प्रो. रजनी अब्बी ने भी अपनी विशेष उपस्थिति दर्ज कराई





