जगदलपुर। छत्तीसगढ़ में दंतेवाड़ा-बीजापुर बॉर्डर पर बुधवार को सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। सुबह से जारी मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने 12 नक्सलियों को ढेर कर दिया है। वहीं इस मुठभेड़ में हमारे तीन जवान शहीद हो गए हैं। मुठभेड़ में दो जवान घायल भी हुए जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बस्तर आईजी सुंदरराज पी ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए कहा कि सभी नक्सलियों के शव बरामद कर लिए गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार बुधवार की सुबह दंतेवाड़ा और बीजापुर सीमा से लगे भैरमगढ़ क्षेत्र के केशकुतुल के जंगलों की ओर DRG, STF, COBRA और CRPF की जॉइंट टीम सर्चिंग पर रवाना हुई थी। इस दौरान पहले से घात लगाए बैठे नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद जवानों ने भी मोर्चा संभाला और जवाबी फायरिंग शुरू की। इस मुठभेड़ में जवानों ने 12 नक्सलियों को मार गिराया है। वहीं मुठभेड़ में तीन जवान शहीद हो गए हैं। बस्तर रेंज के IG सुंदरराज पी. ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि एनकाउंटर में बीजापुर DRG के जवान हेड कॉन्स्टेबल मोनू वडारी, रमेश सोड़ी और कॉन्स्टेबल दुकारू गोंडे शहीद हो गए। फिलहाल सर्चिंग जारी है।
The post दंतेवाड़ा-बीजापुर बॉर्डर पर मुठभेड़, 12 नक्सली ढेर, तीन जवान शहीद… सभी के शव बरामद appeared first on ShreeKanchanpath.

