कोरबा। छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव के बाद सभी निकायों में सभापति व उपाध्यक्ष चुनाव चल रहा है। प्रदेश के 10 निगमों में भाजपा के महापौर बने और सभी निगमों में पार्षद भी बहुमत से ज्यादा चुनकर आए। ऐसे में भाजपा के सभापति बनने भी तय थे। लेकिन कोरबा नगर निगम में भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी को हार का सामना करना पड़ा। यहां पर सभापति का चुनाव भाजपा के बागी प्रत्याशी ने जीत लिया।

कोरबा निगम में बीजेपी के आधिकारिक प्रत्याशी हितानंद अग्रवाल चुनाव हार गए हैं। 67 में से 33 पार्षदों ने सभापति के लिए बीजेपी से बागी होकर लड़े नूतन सिंह को वोट दिया है। इस तरह वे नए सभापति बन गए हैं। वहीं, बिलासपुर में विनोद सोनी और चिरमिरी में संतोष कुमार सिंह निर्विरोध सभापति चुने गए हैं। दोनों जगह कांग्रेस ने अपना प्रत्याशी भी नहीं उतारा। बता दें कि निगम चुनाव 11 फरवरी को हुए और मेयर के नतीजे 15 फरवरी को आए थे।
67 में से 45 भाजपा के पार्षद
कोरबा निगम में 67 पार्षदों में से बीजेपी के 45, कांग्रेस के 11 और निर्दलीय 11 पार्षद ने सभापति के लिए मतदान किया। चुनाव में पार्षद नूतन सिंह ठाकुर जो सभापति चुनाव के लिए बीजेपी के ही बागी बने उन्हें 33 वोट मिल गए। वहीं बीजेपी के आधिकारिक उम्मीदवार हितानंद अग्रवाल को महज 18 वोट मिले। सभापति के लिए एक निर्दलीय प्रत्याशी अब्दुल रहमान भी मैदान में थे, उन्हें 16 वोट मिले। बताया जा रहा है कि चुनाव से पहले बीजेपी ने पार्टी पर्यवेक्षक पुरेंद्र मिश्रा के नेतृत्व में पार्षदों को मनाने का प्रयास किया। लेकिन नूतन सिंह ठाकुर ने बागी तेवर अपनाते हुए चुनाव लड़ा।
सभापति के लिए मांगी थी टिकट
वर्तमान में पुरानी बस्ती वार्ड-6 से बीजेपी के पार्षद हैं। नवनिर्वाचित सभापति नूतन ठाकुर ने कहा कि, उन्होंने भाजपा से टिकट मांगा था और सभापति बनने की इच्छा थी। लेकिन भाजपा संगठन ने हितानंद अग्रवाल के नाम पर सहमति जताई। इसके बाद मजबूरन उन्हें बागी होकर चुनाव लड़ना पड़ा। इधर सभापति चुनाव के बाद श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि सभी पार्षदों ने नूतन सिंह ठाकुर पर विश्वास जताया है। सभी सभी मिलजुलकर काम करेंगे।
The post कोरबा निगम में क्रास वोटिंग : भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी को मिली हार, बागी बना सभापति appeared first on ShreeKanchanpath.