महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को अब तक दी जा चुकी है 5227 करोड़ रुपए की राशि
रायपुर। दीपावली पर्व को देखते हुए छत्तीसगढ़ सरकार महतारी वंदन योजना की राशि अंतरण 25 अक्टूबर को किया जाएगा। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू 25 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ प्रवास पर आ रही हैं और उनके शुभ हाथों से राज्य की 70 लाख महिलाओं को दीवाली से पहले महतारी वंदन योजना की 9वीं किश्त की राशि 651.37 करोड़ रुपए रिमोट बटन दबाकर उनके बैंक खातों में ऑनलाईन अंतरित करेंगी। महतारी वंदन योजना के अंतर्गत 9वीं किश्त की राशि के वितरण का यह कार्यक्रम शुक्रवार शाम 5.15 बजे से साढ़े 6 बजे तक नवा रायपुर स्थित पुरखौती मुक्तांगन में होगा।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन एवं सशक्तिरण को बढ़ावा देने, उनके सामाजिक और पारिवारिक स्थिति को सुदृढ़ बनाने, लिंग विभेद एवं असामानता को दूर करने के उद्देश्य से महतारी वंदन नामक अभिनव योजना संचालित की जा रही है। इस योजना का शुभारंभ 10 मार्च 2024 को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने किया था। यह योजना राज्य में एक मार्च 2024 से लागू की गई है। महतारी वंदन योजना के तहत 21 वर्ष से अधिक आयु की राज्य की लगभग 70 लाख महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रूपए की वित्तीय सहायता राज्य सरकार द्वारा प्रदान की जा रही है। राज्य में अब तक हितग्राही महिलाओं को 8 मासिक किश्तों में 5227 करोड़ रूपए का भुगतान डीबीटी के माध्यम से किया गया है।
हितग्राही महिलाओं के खाते में 9वीं किश्त की राशि का अंतरण राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू 25 अक्टूबर को करेंगी। इस अवसर पर महतारी वंदन योजना की दो हितग्राही महिलाएं राष्ट्रपति के समक्ष अपने अनुभव भी साझा करेंगी। राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मू इस मौके पर पुरखौती मुक्तांगन में निर्मित सरगुजा प्रखण्ड का लोकार्पण करेंगी। राज्यपाल रमेन डेका राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु को आदिम जाति कल्याण विभाग द्वारा प्रकाशित पुस्तकों की प्रथम प्रतियां भेंट करेंगे। इस मौके पर श्रीमती मुर्मू स्थानीय जनजाति समुदाय के लोगों से भी मुलाकात एवं चर्चा करेंगी।
राष्ट्रपति मुर्मू विशेष विमान से पहुंचेंगी रायपुर
राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मू 25 एवं 26 अक्टूबर को अपने दो दिवसीय प्रवास के दौरान रायपुर और दुर्ग जिले में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगी। जारी कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू 25 अक्टूबर को पूर्वान्ह 11.10 बजे विशेष विमान से स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट रायपुर आएंगी। राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु वहां से एम्स रायपुर जाएंगी तथा पूर्वान्ह 11.45 बजे से 12.45 बजे तक एम्स रायपुर के द्वितीय दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगी। इसके पश्चात वे वहां से दोपहर एक बजे राजभवन रायपुर आएंगी। राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मू राजभवन से अपरान्ह 3.20 बजे एनआईटी रायपुर जाएंगी और साढ़े 3 बजे से साढ़े 4 बजे तक एनआईटी के 14वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। इसके पश्चात वे वहां से पुरखौती मुक्तांगन जाएंगी तथा संध्या 5.15 बजे से शाम साढ़े 6 बजे तक आयोजित कार्यक्रम में महतारी वंदन योजना के तहत 9वीं किश्त की राशि रिमोट का बटन दबाकर जारी करेंगी। राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मू पुरखौती मुक्तांगन में सरगुजा प्रखण्ड का लोकार्पण तथा आदिवासी समुदाय के लोगों से मुलाकात एवं चर्चा करेंगी। इसके पश्चात वे संध्या 7.05 बजे राजभवन आएंगी।
The post Good news : दिवाली से पहले महिलाओं को मिलेगी महतारी वंदन की राशि, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों जाएंगे बैंक खातों में 1000 रुपए appeared first on ShreeKanchanpath.