*
*साइबर टीम/चौकी पोडी पुलिस की जुआ फड़ पर बड़ी कार्यवाही, 06 जुआरियों से 88,800/- रुपये नगद जप्त।*
*कुसुमघटा बाजार के पास चल रहा था रुपये-पैसों का दांव, छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत 06 जुआरियों पर कार्यवाही।*
कबीरधाम जिले में जुआ, अवैध शराब की बिक्री तथा सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने-पिलाने की सुविधा उपलब्ध कराने वालों के विरुद्ध कबीरधाम पुलिस द्वारा लगातार वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हेमसागर सिदार व श्री अमित कुमार पटेल तथा श्री अखिलेश कौशिक के मार्गदर्शन में पुलिस अनुविभागीय अधिकारी
अजाक/साइबर श्री प्रशांत देवांगन के कुशल नेतृत्व में साइबर टीम/चौकी पोडी पुलिस ने ग्राम कुसुमघटा बाजार के पास जुआ खेल रहे 06 व्यक्तियों के विरुद्ध बड़ी कार्यवाही करते हुए उनके कब्जे एवं जुआ फड़ से कुल 88,800/- रुपये नगद जप्त किए।
*कुसुमघटा बाजार के पास जुआ खेलते 06 जुआरी पकड़े गए जिनके कब्जे से 88,800/- रुपये जप्त-* साइबर टीम एवं चौकी पोडी पुलिस द्वारा ग्राम कुसुमघटा बाजार के पास रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे गोकुल मरकाम, अनिकेत चंद्रवंशी, निपेंद्र निर्मलकर, राजेंद्र निषाद, सनत कुमार वर्मा एवं सागर प्रसाद जायसवाल को जुआ खेलते रंगे, हाथों गवाहों के समक्ष पकड़ा गया। आरोपियों के कब्जे एवं जुआ फड़ से कुल 88,800/- रुपये नगद जप्त कर सभी 06 आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3(2) के तहत वैधानिक कार्यवाही की गई।
*कुटकीपारा में ताश के 52 पत्तों पर लगा रहे थे रुपये-पैसों का दांव, 03 आरोपी पकड़े गए*
थाना कवर्धा पुलिस ने ग्राम कुटकीपारा में सार्वजनिक स्थान पर ताश के 52 पत्तों से रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे बीरबल साहू, करण साहू एवं रामझुल साहू को पकड़ा। आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 3(2) के तहत अपराध क्रमांक 540/26 दर्ज किया गया। मौके से 4,280/- रुपये नगद एवं 52 पत्ती ताश जप्त की गई।
*अवैध शराब बिक्री एवं सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने-पिलाने वालों पर भी कार्यवाही।*
थाना कवर्धा पुलिस ने नया बस स्टैंड कवर्धा में सार्वजनिक स्थान पर शराब का सेवन करते पाए जाने पर विष्णु चंद्राकर के विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 36(च), 1 के तहत अपराध क्रमांक 538/26 दर्ज कर वैधानिक कार्यवाही की।
*पुलिस चौकी दशरंगपुर थाना पिपरिया* ने ग्राम भुरकुड़ा तिराहा में अवैध रूप से बिक्री के लिए शराब रखने के मामले में देवपाल चंद्राकर के विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत अपराध क्रमांक 391/26 दर्ज किया। आरोपी के कब्जे से 6,120 मिलीलीटर शराब, कीमत 2,720/- रुपये जप्त की गई।
इसी प्रकार थाना पिपरिया पुलिस ने ग्राम लघान में धन्नु निषाद के पान ठेले के सामने लोगों को शराब पीने की सुविधा उपलब्ध कराने पर आबकारी एक्ट की धारा 36(सी) के तहत अपराध क्रमांक 392/26 दर्ज कर 100 मिलीलीटर शराब जप्त की।
*थाना पंडरिया पुलिस* ने ग्राम दलपी में भुरेलाल साकत की दुकान के सामने लोगों को शराब पीने की सुविधा उपलब्ध कराने पर अपराध क्रमांक 236/26 धारा 36(सी) आबकारी एक्ट के तहत कार्यवाही करते हुए 60 मिलीलीटर शराब जप्त की। वहीं इसी ग्राम में सार्वजनिक स्थान पर शराब का सेवन करते पाए जाने पर फुलचंद साकत के विरुद्ध अपराध क्रमांक 237/26 धारा 36(च), 1 आबकारी एक्ट के तहत कार्यवाही की गई।
*पुलिस चौकी पोडी* थाना बोडला पुलिस ने ग्राम पोडी में लोगों को शराब पीने की सुविधा उपलब्ध कराने पर भुरादास कोसले के विरुद्ध अपराध क्रमांक 176/26 धारा 36(सी) आबकारी एक्ट के तहत कार्यवाही करते हुए 180 मिलीलीटर शराब जप्त की।
कबीरधाम पुलिस द्वारा जिले में जुआ खेलने, अवैध शराब बिक्री एवं सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने-पिलाने जैसी गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा ऐसी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए वैधानिक कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी।





