*नशे के अवैध कारोबार पर प्रशासन सख्त, स्कूल-कॉलेज के आसपास होगी विशेष निगरानी*
*कलेक्टर एवं एसपी ने ली अधिकारियों की बैठक, जिले में कानून-व्यवस्था की स्थिति की विस्तृत समीक्षा*
*होटल-ढाबों और संदिग्ध ठिकानों की नियमित जांच के दिए निर्देश, शैक्षणिक संस्थानों के आसपास होगा औचक निरीक्षण*
*युवाओं को नशे से दूर रखने स्कूल-कॉलेजों में चलाया जाएगा विशेष जागरूकता अभियान*
कवर्धा, नवंबर 2026। जिले में नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन एवं पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि स्कूल-कॉलेज सहित सभी शैक्षणिक संस्थानों के 100 मीटर के दायरे में मादक पदार्थों की खरीदी-बिक्री किसी भी स्थिति में नहीं होनी चाहिए। इसके लिए संबंधित अधिकारी नियमित निगरानी के साथ औचक निरीक्षण करें और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करें।
कलेक्टर श्रीमती प्रजापति एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. यादव ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में राजस्व, पुलिस एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर जिले में कानून एवं व्यवस्था की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में मादक पदार्थों की अवैध खरीदी-बिक्री, नशे के कारोबार पर नियंत्रण तथा रोकथाम के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी ली गई। कलेक्टर ने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों के आसपास नशे से जुड़ी गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाए। पुलिस एवं प्रशासन की संयुक्त टीम स्कूल-कॉलेजों के आसपास औचक निरीक्षण करे और निरीक्षण की रिपोर्ट प्रस्तुत करे। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराने के लिए सभी शैक्षणिक संस्थानों में विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाए। स्कूल एवं कॉलेज स्तर पर निरंतर जागरूकता गतिविधियां आयोजित कर युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जाए।
कलेक्टर ने आबकारी विभाग से मादक पदार्थों की अवैध खरीदी-बिक्री के विरुद्ध की जा रही कार्रवाई की जानकारी ली। उन्होंने जिले के होटल, ढाबों एवं अन्य संदिग्ध स्थानों की नियमित जांच करने के निर्देश दिए। साथ ही कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में पुलिस, राजस्व एवं संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने को कहा, ताकि अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके। बैठक में पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव ने जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए पुलिस विभाग द्वारा की जा रही कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए प्रभावी निगरानी बनाए रखने पर जोर दिया। बैठक में अपर कलेक्टर श्री नरेंद्र पैकरा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हेमसागर सिदार, राजस्व अनुविभागीय अधिकारी, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस, थाना प्रभारी एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।





