छत्तीसगढ़

नशे में और तेज रफ्तार वाहन चलाने वालों पर पुलिस की कार्रवाई जारी–एसपी डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव

*सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी और पुख्ता उपाय सुनिश्चित करें– कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति*

*नशे में और तेज रफ्तार वाहन चलाने वालों पर पुलिस की कार्रवाई जारी–एसपी डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव*

*सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कलेक्टर एवं एसपी ने अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश*

कवर्धा, नवंबर 2026। जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग ने प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव ने जिला कार्यालय के सभाकक्ष में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक लेकर जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए किए जा रहे प्रयासों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी एवं पुख्ता उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें सभी संबंधित विभागों और आम नागरिकों की सहभागिता आवश्यक है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने विशेष रूप से 18 वर्ष से कम आयु के नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के मामलों पर गंभीरता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके लिए नियमित जांच एवं निगरानी करने के साथ अभिभावकों को भी जागरूक करने को कहा। कलेक्टर ने सड़क सुरक्षा के प्रति आम नागरिकों में जागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने राहवीर योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर जोर देते हुए कहा कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की तत्काल मदद कर उसे अस्पताल पहुंचाने वाले नेक नागरिकों को शासन के प्रावधानों के अनुसार प्रोत्साहन राशि एवं सम्मान प्रदान किया जाता है। इसकी जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाई जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग दुर्घटना पीड़ितों की मदद के लिए आगे आएं और समय पर उपचार मिलने से लोगों की जान बचाई जा सके।

पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराया जा रहा है। नशे की हालत में वाहन चलाने, तेज गति से वाहन चलाने और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने वालों के विरुद्ध पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने यातायात नियमों के उल्लंघन पर प्रभावी कार्रवाई जारी रखने तथा दुर्घटनाओं की आशंका वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। बैठक में जिले से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्गों पर सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। कलेक्टर ने संवेदनशील एवं दुर्घटनाजन्य स्थलों की पहचान कर वहां आवश्यक सुधारात्मक उपाय करने तथा नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों को सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों में लापरवाही नहीं बरतने और आपसी समन्वय से दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए निरंतर प्रयास करने को कहा। बैठक में अपर कलेक्टर श्री नरेंद्र पैकरा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हेमसागर सिदार सहित जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस, थाना प्रभारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button