*
*थाना – पिपरिया, जिला – कबीरधाम (छत्तीसगढ़)।*
*फर्जी बैंक खाता उपलब्ध कराकर साइबर ठगी की रकम का लेनदेन करने वाला 01 आरोपी गिरफ्तार।*
*थाना पिपरिया एवं साइबर पुलिस की संयुक्त कार्यवाही, विभिन्न राज्यों के 14 साइबर फ्रॉड प्रकरणों से संबंधित 6,64,322/- रुपये का हुआ लेनदेन।*
कबीरधाम पुलिस द्वारा पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हेमसागर सिदार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अखिलेश कौशिक तथा उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय श्री आशीष शुक्ला के दिशा-निर्देशन में साइबर अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों एवं उनके बैंक खातों के माध्यम से होने वाले अवैध लेनदेन पर लगातार निगरानी रखकर वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में समन्वय पोर्टल पर प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना पिपरिया क्षेत्र के आरोपी शिव प्रकाश चंद्रवंशी के बैंक खाते में विभिन्न राज्यों के 14 साइबर फ्रॉड प्रकरणों से संबंधित रकम का लेनदेन होना पाया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी पिपरिया निरीक्षक श्री नितिन कुमार तिवारी एवं थाना प्रभारी साइबर निरीक्षक श्री उमाशंकर राठौर को संयुक्त रूप से तत्काल वैधानिक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
निर्देशानुसार थाना पिपरिया एवं थाना साइबर पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा कार्यवाही करते हुए अपराध क्रमांक- 389/2026, धारा 317(4), 318(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान आरोपी शिव प्रकाश चंद्रवंशी पिता श्री सुरेश कुमार चंद्रवंशी, निवासी पिपरिया को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपने एक दोस्त से 10,000/- रुपये लेकर अपना बैंक खाता उपयोग करने के लिए उपलब्ध कराया था, जिसके माध्यम से लगभग 6,64,322/- रुपये का लेनदेन किया गया। उक्त बैंक खाते में विभिन्न राज्यों के 14 साइबर ठगी के प्रकरणों से संबंधित रकम का लेनदेन होना पाया गया।
आरोपी की प्रकरण में संलिप्तता पाए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
उक्त संयुक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी पिपरिया निरीक्षक श्री नितिन कुमार तिवारी, थाना प्रभारी साइबर निरीक्षक श्री उमाशंकर राठौर, उपनिरीक्षक श्री चंद्रकांत तिवारी सहित थाना पिपरिया एवं साइबर पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कबीरधाम पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी व्यक्ति को कमीशन अथवा पैसों के लालच में अपना बैंक खाता, ए.टी.एम. कार्ड, चेकबुक या बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी उपलब्ध न कराएं। ऐसे खातों का उपयोग साइबर अपराधों से प्राप्त राशि के लेनदेन में किया जा सकता है, जिससे खाताधारक भी कानूनी कार्यवाही के दायरे में आ सकते हैं।




