*
*मॉडिफाइड सायलेंसर से तेज आवाज करने वाली बुलेट एवं शराब सेवन कर वाहन चलाने वाले 02 वाहन चालकों पर सिटी कोतवाली पुलिस की कार्यवाही।*
*मोटर व्हीकल एक्ट के तहत दोनों वाहन चालकों को माननीय न्यायालय द्वारा कुल 25,000/- रुपये के अर्थदंड से दंडित किया गया।*
कबीरधाम पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने हेतु लगातार वाहन चेकिंग एवं पेट्रोलिंग की जा रही है। पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हेमसागर सिदार तथा श्री अमित कुमार पटेल के मार्गदर्शन में, उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय श्री आशीष शुक्ला के पर्यवेक्षण में थाना सिटी कोतवाली पुलिस द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले एवं शराब सेवन कर वाहन चलाने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां दोनों वाहन चालकों को अर्थदंड से दंडित किया गया।
*प्रकरण 01 : मॉडिफाइड सायलेंसर एवं नशे की हालत में बुलेट चलाने वाले चालक पर कार्यवाही, 15,000 रुपये अर्थदंड*
दिनांक 10.11.2026 को थाना सिटी कोतवाली पुलिस द्वारा पेट्रोलिंग के दौरान राधाकृष्ण मंदिर के सामने, कवर्धा में गौरा-गौरी विसर्जन के अवसर पर भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में बुलेट मोटरसाइकिल क्रमांक CG 08 AC 8734 को तेज आवाज करते हुए तेज गति से चलाते पाया गया। वाहन को रोककर जांच करने पर चालक भूपेन्द्र उर्फ नानू यादव, उम्र 23 वर्ष, निवासी बरपेलाटोला, थाना कवर्धा, जिला कबीरधाम द्वारा मोटरसाइकिल के सायलेंसर को मॉडिफाइड कराया गया था तथा वह नशे की हालत में पाया गया।
वाहन चालक के विरुद्ध धारा 185 एवं 182(4) मोटर व्हीकल एक्ट के तहत इस्तगाशा क्रमांक 820/2026 तैयार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां माननीय न्यायालय द्वारा भूपेन्द्र उर्फ नानू यादव को 15,000 रुपये के अर्थदंड से दंडित किया गया।
*प्रकरण 02 : शराब सेवन कर जीटो वाहन चलाने वाले चालक पर कार्यवाही, 10,000/- रुपये अर्थदंड*
दिनांक 13.11.2026 को थाना सिटी कोतवाली पुलिस द्वारा घोटिया रोड पर वाहन चेकिंग के दौरान पिन्टू ठाकुर, उम्र 32 वर्ष, निवासी घोटिया रोड, शेखानी, कवर्धा, जिला कबीरधाम को वाहन क्रमांक CG 09 JD 5499 (जीटो) चलाते हुए जांच किया गया। वाहन चालक के शराब सेवन की स्थिति में पाए जाने पर ब्रीथ एनालाइजर मशीन से परीक्षण किया गया, जिसमें अल्कोहल की मात्रा पाए जाने पर आरोपी चालक के विरुद्ध धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत इस्तगाशा क्रमांक- 422/2026 तैयार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां माननीय न्यायालय द्वारा पिन्टू ठाकुर को 10,000/- रुपये के अर्थदंड से दंडित किया गया।
*थाना सिटी कोतवाली पुलिस की अपील*
कबीरधाम पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें, शराब सेवन कर वाहन न चलाएं तथा अपने वाहनों में अनधिकृत रूप से मॉडिफिकेशन कर तेज आवाज वाले सायलेंसर का उपयोग न करें। यातायात नियमों का पालन स्वयं की एवं दूसरों की सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है।
उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली निरीक्षक श्री लालजी सिन्हा एवं थाना सिटी कोतवाली पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





