*निजी वाहन में अनधिकृत हूटर के उपयोग पर कबीरधाम यातायात पुलिस की कार्यवाही।*
*वाहन से हूटर निकलवाकर चालक के विरुद्ध नियमानुसार चालानी कार्रवाई, यातायात नियमों के पालन का दिया संदेश।*
कबीरधाम जिले में सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से कबीरधाम यातायात पुलिस द्वारा यातायात नियमों के पालन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस अधीक्षक कबीरधाम श्री जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हेमसागर सिदार एवं श्री अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा उप पुलिस अधीक्षक यातायात श्रीमती अपूर्व क्षत्रिय के दिशा निर्देश में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर नियमानुसार कार्यवाही की जा रही है।
इसी क्रम में यातायात पुलिस को काले रंग की निजी स्कॉर्पियो में अनधिकृत हूटर लगाकर उपयोग किए जाने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर यातायात पुलिस टीम द्वारा तत्परता से कार्रवाई करते हुए उक्त वाहन को थाना लाया गया, जहां वाहन में लगे हूटर को निकलवाया गया।
वाहन चालक अंशु उइके, उम्र 24 वर्ष, के विरुद्ध यातायात नियमों के उल्लंघन पर नियमानुसार चालानी कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई के माध्यम से निजी वाहनों में अनधिकृत हूटर एवं अन्य प्रतिबंधित उपकरणों के उपयोग पर रोक लगाने तथा यातायात व्यवस्था में अनुशासन बनाए रखने का संदेश दिया गया।
कबीरधाम यातायात पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि अपने वाहनों में अनधिकृत हूटर एवं अन्य प्रतिबंधित उपकरणों का उपयोग न करें तथा यातायात नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित एवं जिम्मेदार वाहन संचालन सुनिश्चित करें। यातायात नियमों का पालन प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है, जिससे सभी के लिए सड़क आवागमन सुरक्षित एवं व्यवस्थित बना रहे।





