त्योहार के समय बाजारों में ही नहीं बल्कि घरों में भी अलग ही रौनक देखने को मिलती है। घर की साफ-सफाई और सजावट के साथ-साथ मिठाइयां बनाने का काम भी शुरू हो जाता है। त्योहार के मौके पर कुछ लोग बाजार से मिठाई खरीदते हैं, तो कुछ घर पर ही इन्हें बनाना पसंद करते हैं। जिसकी तैयारियां पहले से ही शुरू हो जाती है। अगर आप भी इस बार दिवाली के लिए खुद से मिठाई बनाना चाहते हैं, तो कुछ अलग ट्राई कर सकते हैं। हर बार गुलाब जामुन, रसगुल्ले, बर्फी या लड्डू से बोर हो गए हैं, तो इस बार काजू मिल्क पेड़ा बना सकते हैं।
काजू और मिल्क पाउडर से इस मिठाई को आसानी से घर पर बनाया जा सकता है। खास बात यह है कि इस मिठाई को बनाने के लिए आपको ज्यादा समय नहीं लगेगा। अगर आप दिवाली के दूसरे कामों में व्यस्त हो जाती हैं और मिठाइयां बनाने का समय नहीं है, तो इसे आप दिवाली से एक या दो दिन पहले भी बना सकती हैं। आइए जानते हैं इसे बनाने का तरीका।
पेड़ा के लिए सामग्री
काजू- 1/2 कप
मिल्क पाउडर- डेढ़ कप
चीनी- 1/2 कप
दूध- 1 कप
घी- 1 चम्मच
हरी इलायची- 2
पिस्ता- सजावट के लिए
बनाने का तरीका
सबसे पहले मिक्सर जार में आधा कप काजू, आधा कप चीनी और 2 हरी इलायची डालकर अच्छी तरह ग्राइंड कर लें। चीनी डालने से काजू अच्छी तरह पिस जाएगा और इलायची अच्छा फ्लेवर लेकर आएगी। इसका बारीक मिश्रण बनाने के बाद बाउल में निकाल लें। अब इसमें मिल्क पाउडर डालें। फिर दूध डालकर इसे अच्छी तरह मिक्स कर लें। दूध डालने से पहले उसे गरम करके ठंडा कर लें। इसका स्मूथ मिक्सचर तैयार कर लें। अब नॉन स्टिक कड़ाही में एक चम्मच घी डालें। अब इसमें मिश्रण को डाल दें और आंच को धीमी करके चम्मच से लगातार चलाएं। इसे लगातार न चलाने पर मिश्रण तले में चिपक सकता है। इसलिए इसे तब तक चलाते रहें, जब तक मिश्रण गाढ़ा न हो जाए। आप चाहें तो इसे खोया से भी बना सकते हैं। जब मिश्रण गाढ़ा हो जाए, तो गैस को बंद कर दें। इसे चेक करने के लिए हाथ पर थोड़ा सा मिश्रण लें। अगर ये उंगलियों पर नहीं चिपक रहा है, तो इसका मतलब है कि ये पक चुका है।
अब इस मिश्रण को थोड़ा ठंडा होने दें ताकि पेड़े तैयार करने में आसानी हो। इसे पूरी तरह ठंडा न होने दें, जब यह हल्का गुनगुना हो तो इससे पेड़े तैयार कर लें। चम्मच से मिश्रण के गोल-गोल पेड़े तैयार करें। अब इन्हें सजाने के लिए ऊपर पिस्ता लगाएं। पेड़े पर डिजाइन बनाने के लिए बाजार में मिलने वाले पेड़े मोल्ड का इस्तेमाल करें, जिससे पेड़े के ऊपर डिजाइन आसनी से बन जाएगा। इस तरह ये बिल्कुल बाजार में मिलने वाले पेड़े की तरह दिखेंगे।





