भिलाई। भिलाई नगर नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत 32 बंगला के समीप 18 अक्टूबर की रात लगभग 9 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। विपरीत दिशा से आ रही दो तेज रफ्तार मोटर साइकिलों के बीच हुई आमने-सामने की टक्कर में एक व्यक्ति की इलाज के दौरान दर्दनाक मौत हो गई। जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों का इलाज सेक्टर 9 अस्पताल में जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार, रविवार 18 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे 32 बंगला मार्ग पर दो मोटर साइकिलों की आपस में जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे के वक्त एक मोटर साइकिल पर तीन लोग सवार थे, जबकि दूसरी पल्सर मोटर साइकिल पर एक युवक सवार होकर आ रहा था। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए और उन पर सवार लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से चोटिल हो गए।घटना की सूचना मिलते ही भिलाई नगर पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को त्वरित इलाज के लिए सेक्टर 9 अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में उपचार के दौरान बसंत पगारे पिता स्व. पांडुरंग पगारे ( 55 वर्ष) निवासी- 32 बंगला सर्वेंट क्वार्टर की मौत हो गई। वहीं पहली मोटर साइकिल पर सवार अन्य दो व्यक्ति राजेन्द्र ध्रुव पिता जगन्नाथ ध्रुव ( 60 वर्ष ) एवं विनोद सागर पिता मोहन सागर ( 35 वर्ष ),श दोनों निवासी सर्वेंट क्वार्टर सेक्टर 9 तथा दूसरी पल्सर मोटर साइकिल का चालक नीलेश सोनी पिता ओंकार सोनी ( 28 वर्ष ) निवासी हरि नगर दुर्ग, गंभीर रूप से घायल हैं। फिलहाल सभी घायलों को सेक्टर 9 अस्पताल में भर्ती कर उनका उपचार किया जा रहा है। भिलाई नगर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच में जुट गई है।
The post भिलाई के 32 बंगला के पास आपस में भिड़ी दो बाइक, हादसे में एक की मौत और तीन घायल appeared first on ShreeKanchanpath.


