देश दुनिया

बालकनी में नहीं आती धूप, मुरझा जाते हैं पौधे? लगाएं ये 7 खूबसूरत प्लांट्स, हमेशा रहेंगे हरे-भरे!

घर की बालकनी में हरियाली देखने का मन तो बहुत करता है, लेकिन जब वहां धूप ही नहीं आती, तो पौधे लगाने का शौक अधूरा रह जाता है. कई लोग गमलों में पौधे लगाते हैं, समय पर पानी भी देते हैं, फिर भी कुछ दिनों बाद पत्तियां पीली पड़ने लगती हैं और पौधे मुरझा जाते हैं. ऐसे में लोग समझ नहीं पाते कि आखिर गलती कहां हो रही है. दरअसल, हर पौधे को बढ़ने के लिए एक जैसी रोशनी की जरूरत नहीं होती. कुछ पौधे तेज धूप में अच्छे से बढ़ते हैं, जबकि कुछ हल्की रोशनी और छायादार जगह में भी हरे-भरे रह सकते हैंअगर आपकी बालकनी में भी सूरज की रोशनी मुश्किल से पहुंचती है, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है. आप वहां ऐसे पौधे लगा सकते हैं, जिन्हें तेज और सीधी धूप की जरूरत नहीं पड़ती. इनकी मदद से बालकनी को खूबसूरत और हरियाली से भरा बनाया जा सकता है. आइए जानते हैं ऐसे 7 पौधों के बारे में, जो कम धूप वाली बालकनी में भी हरे-भरे रह सकते हैं.

1. पीस लिली: इस लिस्ट में सबसे पहला नाम पीस लिली का है. हरे पत्तों और सफेद फूलों वाला पीस लिली बालकनी की खूबसूरती बढ़ा सकता है. इसे तेज धूप की बजाय हल्की रोशनी में रखना बेहतर होता है. इसकी मिट्टी में हल्की नमी बनाए रखें और जरूरत से ज्यादा पानी डालने से बचें.

2. जेड प्लांट: जेड प्लांट की मोटी, चमकदार पत्तियां इसे अट्रैक्टिव लुक देती हैं. इसे ऐसी जगह रखें, जहां ज्यादा नहीं, लेकिन अच्छी नेचुरल रोशनी आती हो. इसकी मिट्टी सूखने के बाद ही पानी दें, क्योंकि ज्यादा नमी से जड़ें खराब हो सकती हैं.

3. स्नेक प्लांट: इस लिस्ट में स्नेक प्लांट का नाम भी शामिल है. लंबी और नुकीली पत्तियों वाला स्नेक प्लांट कम रोशनी में भी रह सकता है. इसकी देखभाल करना आसान है और इसे बालकनी के किसी कोने में रखा जा सकता है. मिट्टी सूखने पर ही पानी दें. ज्यादा गीली मिट्टी से इसकी जड़ें सड़ने लगती हैं.

4. मनी प्लांट: मनी प्लांट की बेल और दिल के शेप की पत्तियां बालकनी को हरा-भरा लुक देती हैं. इसे हैंगिंग पॉट में लगाएं या किसी सहारे पर चढ़ाएं. ये हल्की रोशनी में अच्छा बढ़ता है. मिट्टी की ऊपरी परत सूखने पर पानी दें.

5. स्पाइडर प्लांट: स्पाइडर प्लांट की लंबी और घुमावदार पत्तियां बालकनी को खूबसूरत बनाती हैं. इसे स्टैंड या हैंगिंग पॉट में लगा सकते हैं. इसे सीधी और तेज रोशनी बिल्कुल पसंद नहीं होती है. स्पाइडर प्लांट हल्की रोशनी में अच्छी तरह बढ़ता है. इसमें पानी तभी दें जब इसकी मिट्टी सूख जाए.

6. एग्लोनेमा: एग्लोनेमा की पत्तियां हरे रंग के साथ गुलाबी, लाल या सिल्वर रंग की भी होती हैं, जो बालकनी को खूबसूरत बनाती हैं. ये पौधा कम रोशनी में भी बढ़ सकता है. हालांकि, इसे ऐसी जगह रखें, जहां थोड़ी प्राकृतिक रोशनी आती हो. साथ ही, गमले में पानी जमा न होने दें.

7. फर्न: घनी और फैली हुई पत्तियों वाला फर्न बालकनी को नेचुरल लुक देता है. इसकी कई किस्में छायादार जगहों में अच्छी तरह बढ़ती हैं. इसे ऐसी जगह रखें, जहां सीधी धूप कम आती हो. मिट्टी में नमी बनाए रखें, लेकिन जरूरत से ज्यादा पानी न डालें.

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button