छत्तीसगढ़

सरस्वती शिशु मंदिर में लाइव स्टोन पेंटिंग एवं चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित

*वन्यप्राणी सप्ताह एवं सेवा संकल्प अभियान के तहत विद्यार्थियों ने पत्थरों पर उकेरी प्रकृति और वन्यजीवों की तस्वीरें*

*सरस्वती शिशु मंदिर में लाइव स्टोन पेंटिंग एवं चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित*

*चिल्फी के पीड़ाघाट में स्वच्छता अभियान के साथ वन्यप्राणी सप्ताह का समापन*

कवर्धा, अक्टूबर 2026। वन्यप्राणी सप्ताह 2026 एवं सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत वन विभाग द्वारा वन्यजीव संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन और स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। वनमंडलाधिकारी, कवर्धा श्री निखिल अग्रवाल के नेतृत्व एवं भोरमदेव अभयारण्य अधीक्षक श्रीमती अनिता साहू के मार्गदर्शन में सरस्वती शिशु मंदिर, कवर्धा में विद्यार्थियों के लिए लाइव स्टोन पेंटिंग एवं चित्रकला सत्र आयोजित किया गया। वहीं वन्यप्राणी सप्ताह के समापन अवसर पर चिल्फी स्थित पीड़ाघाट में स्वच्छता अभियान चलाकर प्राकृतिक स्थलों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने का संदेश दिया गया।

पत्थरों पर उकेरे वन्यजीवों के चित्र, विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा

सरस्वती शिशु मंदिर, कवर्धा में आयोजित लाइव स्टोन पेंटिंग एवं चित्रकला सत्र में चितेरे फाउंडेशन के सहयोग से कलाकार श्री बलबीर विश्वकर्मा, श्री प्रभात विश्वकर्मा एवं श्री मन्नू मरावी ने विद्यार्थियों को पत्थरों पर वन्यजीवों और प्रकृति से संबंधित चित्र बनाने की तकनीक सिखाई। इस दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के अंतर्गत स्टोन पेंटिंग प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने अपनी कलाकृतियों के माध्यम से वन्यजीवों, प्राकृतिक परिवेश और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी भावनाओं को अभिव्यक्त किया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य बच्चों में प्रकृति, वन्यजीवों और पर्यावरण संरक्षण के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना तथा उनकी कलात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करना रहा। वन विभाग एवं चितेरे फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता की सराहना करते हुए उन्हें वन्यजीवों के संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम का आयोजन वन विभाग की श्रीमती मीना धुर्वे, श्रीमती अहिल्या ठाकुर, श्री फलित यादव एवं श्री लालचंद साहू द्वारा किया गया।

पीड़ाघाट में स्वच्छता अभियान चलाकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

वन्यप्राणी सप्ताह 2026 के समापन अवसर पर चिल्फी स्थित पीड़ाघाट में वन विभाग द्वारा स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान वन अमले ने क्षेत्र में साफ-सफाई कर प्राकृतिक परिवेश को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने का संदेश दिया। अभियान का उद्देश्य प्राकृतिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखना, पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा पर्यटन स्थलों को स्वच्छ रखने के लिए सामूहिक सहभागिता को प्रोत्साहित करना था। स्वच्छता अभियान में परिक्षेत्र अधिकारी, चिल्फी एवं उनके अधीनस्थ वन अमले ने सहभागिता की। वनकर्मियों ने प्राकृतिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने और वन एवं वन्यजीव संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस प्रकार वन्यप्राणी सप्ताह का समापन स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ किया गया। वन विभाग द्वारा वन्यप्राणी सप्ताह एवं सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों और आम नागरिकों को वन्यजीव संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन तथा स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है। इन गतिविधियों के माध्यम से प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने और जनभागीदारी से पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button